कल्याणी जेएनएम अस्पताल में इलाज के दौरान मौत पर बवाल, परिजनों ने की तोड़फोड़

Vandalism at Kalyani JNM Hospital: Patient Dies Allegedly Due to Medical Negligence
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया : नदिया जिले के कल्याणी स्थित जेएनएम (JNM) अस्पताल में गलत इलाज के कारण एक मरीज की मौत के आरोप में भारी तनाव फैल गया। गुस्से में आए परिजनों ने अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ की और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

वरिष्ठ डॉक्टरों की अनुपस्थिति और लापरवाही का आरोप

मृतक की पहचान 71 वर्षीय मोहम्मद मंडल के रूप में हुई है, जो चकदाह थाना क्षेत्र के शिमुरली मोल्लापाड़ा के निवासी थे। परिजनों के अनुसार, मोहम्मद मंडल को पिछले गुरुवार को तेज बुखार के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आरोप है कि भर्ती होने के डेढ़ दिन बाद तक किसी भी वरिष्ठ डॉक्टर ने उन्हें नहीं देखा। मृतक के पुत्र सैफुल मंडल ने दावा किया कि केवल प्रशिक्षु (इंटर्न) डॉक्टर ही उनका इलाज कर रहे थे, जिन्हें स्थिति की गंभीरता का सही अंदाजा नहीं था।

गलत दवा देने से मौत का दावा

मृतक की बेटी अंबिया मंडल ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शुक्रवार रात करीब 2 बजे उनके पिता को कुछ दवाएं दी गई थीं, जिसके तुरंत बाद उनकी मृत्यु हो गई। उन्होंने इसे 'सुनियोजित हत्या' करार देते हुए कहा कि गलत दवा के प्रयोग ने उनके पिता की जान ले ली। गौरतलब है कि उसी दिन उसी वार्ड में तीन अन्य मरीजों की भी मौत हुई, जिससे अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े हो गए हैं। परिजनों ने अब इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in