UP की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने त्रिवेणी संगम में लगाई पुण्य की डुबकी

कहा- यह आत्मा की शुद्धि का पर्व
UP की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने त्रिवेणी संगम में लगाई पुण्य की डुबकी
Published on: 

प्रयागराज - तीर्थराज प्रयागराज में रविवार को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। रविवार को उन्होंने त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाई और महाकुम्भ में सम्मिलित होने के अवसर को उन्होंने विशिष्ट बताया। त्रिवेणी संगम में स्नान के साथ ही उन्होंने बड़े हनुमान मंदिर, अक्षयवट और सरस्वती कूप में विधिवत दर्शन-पूजन व अर्चन किया। 

महाकुम्भ में डुबकी लगाकर अभिभूत हुईं राज्यपाल ने कहा यह एक अलग प्रकार का दिव्य अनुभव है जो वर्षों तक स्मृतियों में रहेगा। उन्होंने कहा कि डुबकी लगाने के बाद एक विशिष्ट प्रकार का अनुभव हो रहा है जो तीर्थराज प्रयागराज की आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार उनमें कर रहा है।  

योगी सरकार व स्थानीय प्रशासन के प्रयासों को राज्यपाल ने सराहा

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि तीर्थराज प्रयागराज न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि सारे देश और विश्व की आस्था के केंद्र में है। ऐसे में, देश-दुनिया से करोड़ों की संख्या में श्रद्धालु यहां आ रहे हैं। इस सारी व्यवस्था को सुव्यवस्थित रखने के लिए योगी सरकार और स्थानीय प्रशासन बधाई का पात्र है। उन्होंने प्रयागराज आकर विभिन्न घाटों पर स्नान करने वाले स्नानार्थियों की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि जिस प्रकार सुव्यवस्थित तरीके से लोग स्नान करके अपने गंतव्य स्थलों को जा रहे हैं वह अद्भुत है।

त्रिवेणी संगम में स्नान कर अक्षयवट, सरस्वती कूप व बड़े हनुमान का किया पूजन-अर्चन

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल रविवार को प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचीं। एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर के जरिए वह डीपीएस अरैल पहुंचीं जहां रिजर्व्ड हेलिपैड पर उनका हेलिकॉप्टर उतरा। यहां से अरैल घाट से मोटर फ्लोटिंग जेटी के जरिए वह त्रिवेणी संगम पहुंची जहां उन्होंने विधिवत स्नान व पूजन-अर्चन किया। इसके बाद मोटर फ्लोटिंग जेटी के जरिए उन्होंने किला घाट पहुंचकर अक्षयवट का पूजन-अर्चन किया। इसके उपरांत, सरस्वती कूप व बड़े हनुमान मंदिर में भी उन्होंने विधिवत पूजन-अर्चन किया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in