बंगाल में लागू होगा UCC : PM

जंगीपुर रैली में टीएमसी पर हमला, बंगालियों को अल्पसंख्यक नहीं बनने देने और भ्रष्टाचार पर कार्रवाई का वादा
बंगाल में लागू होगा UCC : PM
Published on

जंगीपुर : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने का वादा करते हुए कहा कि भाजपा राज्य में तुष्टीकरण की राजनीति को समाप्त करेगी और बंगालियों को अल्पसंख्यक नहीं बनने देगी।

मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा का चुनावी घोषणापत्र पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के ‘महाजंगलराज’ को समाप्त करने का खाका है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा सर्वोपरि है और भाजपा सत्ता में आने पर छह महीने के भीतर यूसीसी लागू करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।

तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने आरोप लगाया कि राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी ‘मां-माटी-मानुष’ के नारे से भटककर घुसपैठियों के समर्थन पर निर्भर हो गई है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल अब तुष्टीकरण और वोट बैंक की राजनीति को बर्दाश्त नहीं करेगा और भाजपा बंगाल की पहचान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

प्रधानमंत्री ने जनसांख्यिकीय बदलाव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह चुनाव पश्चिम बंगाल की पहचान को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि भाजपा के सत्ता में आने पर जनता को लूटने वालों को जेल भेजा जाएगा।

राम नवमी के दौरान हुई हिंसा का जिक्र करते हुए मोदी ने आरोप लगाया कि राज्य में शोभा यात्राओं पर हमले हुए और टीएमसी के संरक्षण में हिंसा हुई। उन्होंने लोगों से एआई से बनाए गए फर्जी वीडियो और साजिशों से सावधान रहने की अपील की।

प्रधानमंत्री ने मुर्शिदाबाद के रेशम किसानों की स्थिति पर भी चिंता जताते हुए कहा कि राज्य सरकार की अनदेखी के कारण उनका भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि बंगाल जब बदलाव का संकल्प लेता है तो कोई भी ताकत उसे रोक नहीं सकती और अब राज्य में परिवर्तन का समय आ गया है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in