अनंत महाराज मामले में तृणमूल ने भाजपा को दी चुनौती

‘बंग विभूषण’ से राजनीतिक नैरेटिव गढ़ रही भाजपा
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : ‘बंग विभूषण’ सम्मान को लेकर भाजपा पर राजनीतिक नैरेटिव गढ़ने का आरोप लगाते हुए शनिवार को कालीघाट तृणमूल खेमे ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। तृणमूल विधायक कुणाल घोष ने कहा कि भाजपा लगातार ‘बंग विभूषण’ का मुद्दा उठा रही है, जबकि अनंत महाराज को यह सम्मान मिलने से काफी पहले ही राज्यसभा भेजा जा चुका था।

कुणाल घोष ने चुनौती देते हुए कहा, “हिम्मत है तो केंद्र सरकार अनंत महाराज के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करे और उनकी राज्यसभा सदस्यता रद्द करके दिखाए।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस पूरे मामले को राजनीतिक रंग देकर माहौल बनाने की कोशिश कर रही है।

गौरतलब है कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस पर कथित विवादित टिप्पणी के बाद राज्य सरकार ने भाजपा के राज्यसभा सांसद नगेंद्र राय उर्फ अनंत महाराज से ‘बंग विभूषण’ सम्मान वापस ले लिया है। उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है। इसी बीच अनंत महाराज ने वीडियो संदेश के जरिए अपने बयान पर दुख जताते हुए भविष्य में अधिक सावधानी बरतने की बात कही।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने उनके इस बयान को सकारात्मक पहल बताया है। हालांकि, कुणाल घोष ने इसे खारिज करते हुए कहा कि अनंत महाराज ने माफी नहीं मांगी, बल्कि केवल दुख जताया है। उन्होंने इसे “आई वॉश” करार देते हुए सवाल किया कि यदि वह वास्तव में अपने बयान पर पश्चाताप कर रहे हैं, तो माफी क्यों नहीं मांगी?

कुणाल ने कहा कि यदि अनंत महाराज के खिलाफ आपराधिक मामला बनता है, तो केंद्र सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने उनकी गिरफ्तारी के साथ राज्यसभा सदस्यता रद्द करने की दिशा में कदम उठाने की मांग भी दोहराई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ‘बंग विभूषण’ विवाद के जरिए राजनीतिक माहौल तैयार करने में जुटी है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in