निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : दुर्गापूजा के उत्सव के बीच हावड़ा के दासनगर इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। शनिवार को दासनगर स्थित सीटीआई (CTI) रोड पर जर्जर और जलजमाव वाली सड़क से गुजर रहा एक यात्रियों से भरा टोटो अचानक गहरे गड्ढे में अनियंत्रित होकर पलट गया। इस भीषण हादसे में टोटो में सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी बाद में मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और त्यौहारी सीजन में हुई इस दुखद घटना से स्थानीय लोग दहल उठे।
घटना के बाद गुस्साए स्थानीय निवासियों ने प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश जताया। लोगों का आरोप है कि सीटीआई रोड लंबे समय से बदहाल स्थिति में है और बारिश के बाद जगह-जगह पानी भर जाने से सड़क के खतरनाक गड्ढे दिखाई नहीं देते। पूजा के समय जब सड़कों पर आवाजाही बढ़ गई है, तब भी सड़क की मरम्मत न होने से रोजाना दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तुरंत सड़क के गड्ढों को भरने और जलजमाव की समस्या को हल करने की मांग की है ताकि त्यौहार के दिनों में ऐसे जानलेवा हादसों की पुनरावृत्ति न हो।