महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 का महासंग्राम शुरू, 14 जून को भारत-पाकिस्तान महामुकाबला

इंग्लैंड और वेल्स में 12 जून से 5 जुलाई तक होगा टूर्नामेंट, रिकॉर्ड प्राइज मनी और पहली बार 12 टीमों की भागीदारी
महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 का महासंग्राम शुरू,  14 जून को भारत-पाकिस्तान महामुकाबला
Published on

आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 का आगाज 12 जून से इंग्लैंड और वेल्स में होने जा रहा है। टूर्नामेंट का यह 10वां संस्करण अब तक का सबसे बड़ा संस्करण होगा, जिसमें पहली बार 12 टीमें हिस्सा लेंगी। 5 जुलाई तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल 33 मुकाबले सात प्रतिष्ठित मैदानों पर खेले जाएंगे।

डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड अपनी ट्रॉफी बचाने उतरेगा, जबकि छह बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलिया एक बार फिर खिताब की सबसे मजबूत दावेदार मानी जा रही है। इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड एक-एक बार यह खिताब जीत चुके हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने इस टूर्नामेंट पर सबसे ज्यादा दबदबा कायम रखा है।

पहली बार 12 टीमों की एंट्री

इस बार विश्व कप में 12 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें दो समूहों में बांटा गया है। प्रत्येक टीम अपने ग्रुप की बाकी पांच टीमों से एक-एक मुकाबला खेलेगी। दोनों ग्रुप की शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी।

ग्रुप-1: ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, भारत, नीदरलैंड, पाकिस्तान, दक्षिण अफ्रीका

ग्रुप-2: इंग्लैंड, आयरलैंड, न्यूजीलैंड, स्कॉटलैंड, श्रीलंका, वेस्टइंडीज

भारत-पाकिस्तान मुकाबले पर रहेगी नजर

भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगी। यह हाई-वोल्टेज मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा। इसके अलावा भारत को दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश, नीदरलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसी मजबूत टीमों का सामना करना होगा।

भारत के प्रमुख मुकाबले:

  • 14 जून: भारत बनाम पाकिस्तान

  • 17 जून: भारत बनाम नीदरलैंड

  • 21 जून: भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका

  • 25 जून: भारत बनाम बांग्लादेश

  • 28 जून: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया

सात ऐतिहासिक मैदानों पर होंगे मुकाबले

टूर्नामेंट के मैच लॉर्ड्स, द ओवल, ओल्ड ट्रैफर्ड, एजबेस्टन, हैम्पशायर बाउल, हेडिंग्ले और ब्रिस्टल काउंटी ग्राउंड में खेले जाएंगे।

सेमीफाइनल मुकाबले 30 जून और 2 जुलाई को द ओवल में होंगे, जबकि फाइनल मुकाबला 5 जुलाई को क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स मैदान पर खेला जाएगा।

रिकॉर्ड प्राइज मनी का ऐलान

आईसीसी ने इस बार महिला टी20 विश्व कप के लिए 87.64 लाख डॉलर (लगभग 73 करोड़ रुपये) की रिकॉर्ड पुरस्कार राशि घोषित की है। यह पिछली बार की तुलना में 10 प्रतिशत अधिक है। आईसीसी का लक्ष्य महिला क्रिकेट को और मजबूत करना तथा पुरुष और महिला वैश्विक टूर्नामेंटों में समान पुरस्कार राशि की दिशा में आगे बढ़ना है।

क्रिकेट प्रेमियों को इस बार रोमांच, रिकॉर्ड और बड़े मुकाबलों से भरपूर महिला टी20 विश्व कप देखने को मिलेगा, जहां दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमें खिताब जीतने के लिए पूरा दमखम लगाएंगी।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in