

दुर्गापुर : मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि सरकारी अस्पतालों में इलाज की सुविधाओं को मजबूत बनाया जा रहा है। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों से स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की अपील की, ताकि राज्य के लोगों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों में न जाना पड़े। शुभेंदु अधिकारी ने यहां एक निजी अस्पताल में कैंसर उपचार केंद्र की आधारशिला रखने के बाद कहा, ‘‘बांग्लादेश से लाखों लोग चिकित्सा वीजा पर यहां इलाज कराने आते हैं। इसके अलावा, अन्य सार्क और आसियान देशों के मरीज भी इलाज के उद्देश्य से यहां आते हैं।’’ हालांकि, मुख्यमंत्री ने इस बात पर दु:ख जताया कि पश्चिम बंगाल के लोग अब भी इलाज के लिए बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद, मुंबई, चंडीगढ़ और यहां तक कि झारखंड के एम्स-देवघर जाते हैं।उन्होंने कहा, “पश्चिम बंगाल को इस स्थिति से बाहर निकालना होगा।” शुभेंदु ने यह भी कहा कि सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के कारण अब स्थिति में बदलाव के संकेत दिखाई देने लगे हैं। उन्होंने कहा कि अदाणी समूह न्यू टाउन में 2,000 बिस्तरों वाला एक अस्पताल बना रहा है और समूह ने उनके इस प्रस्ताव पर सहमति जताई है कि अस्पताल में 50 प्रतिशत मरीजों का मुफ्त इलाज किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा, “हम राज्य के सभी 8.5 करोड़ लोगों को पांच लाख रुपये तक के कैशलेस इलाज की सुविधा देना चाहते हैं।” उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल के छह करोड़ से अधिक लोगों को केंद्र सरकार की सार्वभौमिक स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के दायरे में लाया जा चुका है।