होर्मुज में तनाव: ईरान ने भारतीय जहाज को लौटाया, फायरिंग की घटना से बढ़ी चिंता

IRGC ने आवाजाही पर लगाई रोक, भारतीय जहाज ‘भाग्य लक्ष्मी’ को बीच रास्ते से वापस भेजा; सरकार ने जताई सख्त आपत्ति
होर्मुज में तनाव: ईरान ने भारतीय जहाज को लौटाया, फायरिंग की घटना से बढ़ी चिंता
Published on

स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। शनिवार (18 अप्रैल) को ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने इस रणनीतिक समुद्री मार्ग से गुजर रहे एक भारतीय जहाज को रोकते हुए तुरंत वापस लौटने का निर्देश दिया। इस पूरे घटनाक्रम की ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आई है, जिसमें भारतीय जहाज के कैप्टन और ईरानी नौसेना अधिकारी के बीच हुई बातचीत साफ सुनी जा सकती है।

रिकॉर्डिंग में ईरानी अधिकारी स्पष्ट रूप से कहते हैं कि होर्मुज जलडमरूमध्य फिलहाल बंद है और जहाज को तुरंत अपने पोर्ट पर लौटना होगा। जवाब में भारतीय कैप्टन निर्देश को दोहराते हुए वापसी के लिए सहमति जताते हैं।

बताया जा रहा है कि ‘भाग्य लक्ष्मी’ नाम का यह जहाज निर्देश मिलने के बाद अपना मार्ग बदलकर वापस लौट गया। इससे पहले ईरानी गनबोट्स द्वारा भारतीय झंडे वाले दो जहाजों पर फायरिंग की भी खबर सामने आई थी। ये जहाज इराक से तेल लेकर जा रहे थे। हालांकि इस फायरिंग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

इस घटना को गंभीरता से लेते हुए भारत सरकार ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। नई दिल्ली में ईरान के राजदूत को तलब कर विदेश मंत्रालय ने अपनी गहरी चिंता जाहिर की। विदेश सचिव ने साफ कहा कि भारतीय जहाजों पर फायरिंग बेहद गंभीर मामला है और इस पर तुरंत स्पष्टता व सहयोग की जरूरत है।

ईरानी पक्ष का कहना है कि होर्मुज से गुजरने वाले सभी जहाजों को IRGC के साथ समन्वय करना होगा। वहीं, हाल ही में युद्धविराम समझौते के बाद इस मार्ग के खुलने की बात कही गई थी, लेकिन अमेरिका की आर्थिक नाकाबंदी के विरोध में ईरान ने एक बार फिर इस अहम समुद्री रास्ते पर नियंत्रण कड़ा कर दिया है।

इस घटनाक्रम ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री व्यापार और सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं खड़ी कर दी हैं।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in