फोन टैपिंग मामला तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष दर्ज कराएंगे बयान

टी. प्रभाकर राव से चल रही है पूछताछ
फोन टैपिंग मामला तेलंगाना कांग्रेस अध्यक्ष दर्ज कराएंगे बयान
Published on: 

हैदराबाद : तेलंगाना की कांग्रेस इकाई के अध्यक्ष बी महेश कुमार गौड़ पूर्ववर्ती बीआरएस सरकार के दौरान कथित तौर पर अवैध तरीके से फोन टैपिंग से जुड़े मामले में गवाह के तौर पर मंगलवार को पुलिस के समक्ष पेश हो सकते हैं। कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि जुबली हिल्स के सहायक पुलिस आयुक्त ने गौड़ से मामले में बयान दर्ज कराने का अनुरोध किया है। कांग्रेस के अनुसार, नवंबर 2023 में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष के तौर पर काम कर चुके गौड़ का फोन राज्य विधानसभा चुनाव के दौरान तत्कालीन बीआरएस सरकार ने गैरकानूनी तरीके से टैप कराया था।

प्राधिकारी अभी कथित फोन टैंपिंग मामले में मुख्य अभियुक्त एवं तेलंगाना के विशेष आसूचना ब्यूरो (एसआईबी) के पूर्व प्रमुख टी. प्रभाकर राव से पूछताछ कर रहे हैं। प्रभाकर राव पर तत्कालीन सत्तारूढ़ राजनीतिक दल और उसके नेताओं को लाभ पहुंचाने के लिए राजनीतिक निगरानी से संबंधित कुछ विशिष्ट कार्यों को अंजाम देने के लिए एसआईबी के भीतर एक निलंबित डीएसपी के नेतृत्व में एक ‘विशेष अभियान दल’ गठित करने का आरोप है। एसआईबी के निलंबित डीएसपी उन चार पुलिस अधिकारियों में शामिल हैं, जिन्हें हैदराबाद पुलिस ने मार्च 2024 से अब तक गिरफ्तार किया है।

इन अधिकारियों पर विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स से खुफिया जानकारी मिटाने और बीआरएस सरकार के दौरान फोन टैपिंग का आरोप है। उन्हें बाद में जमानत दे दी गयी थी। इस मामले में अभियुक्तों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर कथित तौर पर कई लोगों के प्रोफाइल अनधिकृत तरीके से बनाए थे और उन पर एसआईबी में गुप्त और अवैध रूप से उनकी निगरानी करने तथा कुछ लोगों के इशारे पर एक राजनीतिक पार्टी को लाभ पहुंचाने के लिए पक्षपातपूर्ण तरीके से उनका इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने बताया था कि वे अपने अपराध के सबूत मिटाने के लिए रिकॉर्ड नष्ट करने की साजिश में भी शामिल थे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in