टी-20 मुंबई लीग : सूर्यकुमार को आइकन खिलाड़ी चुना गया

सूर्यकुमार यादव को ट्रायम्फ नाइट्स मुंबई नॉर्थईस्ट का आइकन खिलाड़ी चुना गया
टी-20 मुंबई लीग : सूर्यकुमार को आइकन खिलाड़ी चुना गया
Published on

मुंबई : भारत के टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव को ट्रायम्फ नाइट्स मुंबई नॉर्थईस्ट का आइकन खिलाड़ी चुना गया, जबकि श्रेयस अय्यर सोबो मुंबई फाल्कन्स की टीम से जुड़े। टी-20 लीग मुंबई के लिए शुक्रवार को यहां आइकन खिलाड़ियों के ड्राफ्ट के बाद मुंबई के रणजी ट्रॉफी कप्तान अजिंक्य रहाणे नमो बांद्रा ब्लास्टर्स के लिए खेलेंगे, जबकि भारतीय हरफनमौला शिवम दुबे आर्क्स अंधेरी टीम का हिस्सा होंगे। भारतीय टेस्ट बल्लेबाज सरफराज खान आकाश टाइगर्स मुंबई वेस्टर्न सबर्ब्स टीम के आइकान खिलाड़ी बने जबकि तुषार देशपांडे को मुंबई साउथ सेंट्रल मराठा रॉयल्स ने आवंटित किया। आठ टीमों का यह टूर्नामेंट 26 मई से 8 जून तक वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा।

शारदुल ठाकुर को ईगल ठाणे स्ट्राइकर्स और पृथ्वी साव को नॉर्थ मुंबई पैंथर्स ने खरीदा। मुंबई क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने बताया कि टी-20 मुंबई लीग के तीसरे सत्र के लिए करीब 2,800 पंजीकरण प्राप्त करने के बाद अंतिम सूची में 400 खिलाड़ियों के नाम है। नीलामी का आयोजन सात मई को होगा। भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर और दिलीप वेंगसरकर भी लीग से जुड़े रहेंगे, लेकिन उनकी भूमिका का खुलासा बाद में किया जाएगा।

भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान रोहित शर्मा इस लीग के ब्रांड एंबेसडर है। इस लीग के शुरूआती दो सत्र का आयोजन 2018 और 2019 में हुआ था। नाइक ने पुष्टि की कि भारतीय खिलाड़ियों को उनकी भागीदारी के लिए 20-20 लाख रुपये मिलेंगे। इन खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय टीम और चोटिल नहीं होने पर इस लीग के लिए अपनी उपलब्धता की पुष्टि की है।

नाइक ने मीडिया से कहा, ‘मुंबई के भारतीय खिलाड़ी टी-20 मुंबई लीग में भाग लेने के लिए सहमत हो गए हैं, जो हमारे उभरते खिलाड़ियों को बड़े मंच पर खुद को साबित करने के लिए बहुत प्रेरणा और ऊर्जा देगा।’ उन्होंने कहा, ‘आठ टीमें नीलामी में भाग लेंगी। नीलामी में शामिल 400 नामों में से अंडर-23 और अंडर-19 के खिलाड़ी भी है। हर टीम कुल 18 खिलाड़ी होंगे जिसमें से टीमों को एकादश में अंडर-19 स्तर के एक खिलाड़ी को रखना होगा।’

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in