

नयी दिल्ली : तमिलनाडु के मदुरै में पहाड़ी पर स्थित दीपथून नाम के पत्थर के स्तंभ पर दीप नहीं जलाए जाने से सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार और प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई है। शुक्रवार, 27 नवंबर को सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि उसके स्पष्ट आदेश के बावजूद जानबूझकर दीप नहीं जलाया गया। यह अदालत की अवमानना है।
सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया कि 28 नवंबर को CRPF की सुरक्षा में तय स्थान यानी दीपथून पर दीप जलाया जाए। कोर्ट ने कहा कि अधिकारियों ने न्यायालय के आदेश के बजाय अपने राजनीतिक आकाओं के निर्देशों का पालन किया। ऐसी संवैधानिक गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अदालत ने सुब्रमणिया स्वामी मंदिर के बोर्ड ऑफ ट्रस्टी को निलंबित कर दिया और मंदिर का प्रशासन 2 जजों की कमेटी को सौंप दिया। साथ ही तमिलनाडु के मुख्य सचिव, डीजीपी, मदुरै कलेक्टर और अन्य अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किया।
क्या है पूरा विवाद?
मदुरै की पहाड़ी पर कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर कार्तिगई दीपम उत्सव के तहत दीपथून नाम के ऊंचे पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने की परंपरा है। हिंदू पक्ष इस स्थान पर दीप जलाना चाहता था, लेकिन राज्य सरकार ने इसकी अनुमति नहीं दी।
20 से 27 नवंबर तक क्या हुआ?
20 नवंबर : सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाने की एक बार की अनुमति दी। मंदिर प्रशासन की अधिकृत टीम बनाने और जिला कलेक्टर को ASI व पुलिस के साथ व्यवस्था करने का निर्देश दिया। आम लोगों के प्रवेश और प्रदर्शन पर रोक लगाई गई।
21 नवंबर : तमिलनाडु सरकार ने फैसले पर पुनर्विचार याचिका दाखिल की। सरकार का तर्क था कि दीपथून धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि अंग्रेजों के समय का सर्वेक्षण स्तंभ है।
24 नवंबर : दीपथून पर दीप जलाने के बजाय उचि पिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक स्थान पर दीप जलाया गया। स्तंभ पर इलेक्ट्रिक लाइट दिखाई दी। इसके विरोध में भाजपा और हिंदू संगठनों ने प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नयनार नागेंद्रन को हाउस अरेस्ट किया गया और कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई।
25 नवंबर : राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दीप नहीं जलाए जाने पर माफी मांगी। सरकार ने कहा कि मंदिर ट्रस्ट बोर्ड ने अधिकृत टीम को दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति नहीं दी थी।
27 नवंबर : सुप्रीम कोर्ट ने प्रशासन को फटकार लगाते हुए 28 नवंबर को CRPF सुरक्षा में दीप जलाने का आदेश दिया। ट्रस्ट बोर्ड को निलंबित कर दिया और वरिष्ठ अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किया।