

कोलकाता : राज्यसभा की तीन रिक्त सीटों पर होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार सुखेंदु शेखर राय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बड़ाइक ने सोमवार को विधानसभा परिसर में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, कई मंत्री, विधायक तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
हाल ही में तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए इन तीनों नेताओं को पार्टी ने राज्यसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। सुखेंदु शेखर राय ने 8 जुलाई, जबकि सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बड़ाइक ने क्रमशः 10 और 11 जुलाई को राज्यसभा की सदस्यता तथा तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा दिया था। इसके बाद 9 जुलाई को तीनों भाजपा में शामिल हुए और उसी दिन पार्टी ने उन्हें राज्यसभा उपचुनाव का उम्मीदवार घोषित कर दिया।
विधानसभा में भाजपा के मौजूदा संख्याबल को देखते हुए तीनों उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही है। नामांकन दाखिल करने के बाद सुखेंदु शेखर राय ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक वह किसी राजनीतिक मुद्दे पर टिप्पणी नहीं करेंगे। वहीं प्रकाश चिक बड़ाइक ने भी इस विषय पर कुछ भी कहने से इनकार किया।
सुष्मिता देव ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, भाजपा नेतृत्व और पार्टी विधायकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा में उन्हें परिवार जैसा माहौल मिला है। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल होने के तुरंत बाद राज्यसभा उपचुनाव का उम्मीदवार बनाया जाना उनके लिए सम्मान और विश्वास का प्रतीक है।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) होगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 17 जुलाई को अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित की गई है। इसके बाद विधानसभा के सचिव एवं पदेन रिटर्निंग ऑफिसर सौमेंद्रनाथ दास चुनाव प्रक्रिया को अंतिम रूप देंगे।