

कोलकाता : संसद के मानसून सत्र से पूर्व बुलाई गई सर्वदलीय बैठक से ठीक पहले लोकसभा सांसद और नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) के नेता सुदीप बंद्योपाध्याय ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की।
इस मुलाकात के बाद एनसीपीआई के भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का हिस्सा बनने की अटकलें और तेज हो गई हैं। सूत्रों के अनुसार, संसद में एनसीपीआई को एनडीए के घटक दल के रूप में मान्यता देने की प्रक्रिया जारी है।
इसके तहत पार्टी से औपचारिक प्रस्ताव सौंपने को कहा गया है, जिसमें एनडीए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को समर्थन देने की बात होगी। प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद सुदीप बंद्योपाध्याय ने कहा, "देश के निर्माण के लिए हमें मिलकर काम करना होगा।"
हालांकि उन्होंने एनडीए में शामिल होने को लेकर सीधे तौर पर कोई घोषणा नहीं की, लेकिन उनके इस बयान को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
सर्वदलीय बैठक में एनसीपीआई को आमंत्रण
रविवार को संसद के मानसून सत्र से पहले होने वाली सर्वदलीय बैठक में एनसीपीआई को भी बुलाए जाने की संभावना है। पार्टी पहले ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मिलकर अपने 20 सांसदों के लिए बैठने की व्यवस्था और संसद भवन में कार्यालय आवंटित करने की मांग कर चुकी है।
एनसीपीआई ने सुदीप बंद्योपाध्याय को संसदीय दल का नेता, के.डी. राय को उपनेता और काकोली घोष दस्तीदार को मुख्य सचेतक नियुक्त किया है। वहीं, तृणमूल सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने बागी सांसदों को मान्यता देने की प्रक्रिया पर केंद्र सरकार की आलोचना की है।