सपा-कांग्रेस को महिला आरक्षण विधेयक के विरोध का खामियाजा भुगतना पड़ेगा: गिरिराज सिंह

सिंह ने बलिया जिले के नरही में प्रदेश स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में यह बात कही।
Ballia
गिरिराज सिंह
Published on: 

बलिया : केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने रविवार को कहा कि महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करने के लिए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) को राजनीतिक खामियाजा भुगतना पड़ेगा और देश की महिलाएं तथा जनता उन्हें इसका जवाब देंगी। सिंह ने बलिया जिले के नरही में प्रदेश स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में यह बात कही।

कांग्रेस द्वारा महिला आरक्षण विधेयक का विरोध किए जाने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा, ''देश की आधी आबादी कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी। कांग्रेस ने पहले एक मत से महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन किया था और आज उसका विरोध कर रही है।'' उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब लोकसभा में महिलाओं को एक तिहाई आरक्षण देने के लिए नया संविधान संशोधन विधेयक पेश किए जाने की तैयारी है। कांग्रेस सांसद के. सुधाकरन के परिवार द्वारा दुबई के एक अस्पताल पर उन्हें छुट्टी देने में जानबूझकर देरी करने के आरोपों के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया, ''कांग्रेस कोई भी ‘कुकृत्य’ कर सकती है। जरूरत पड़ने पर वह अपने सांसदों को अस्पताल से, चाहे उनकी जिंदगी और मौत का सवाल ही क्यों न हो, खींचकर ले आएगी।'' सिंह ने विपक्षी दलों के नेताओं से महिला आरक्षण विधेयक को लेकर देश को भ्रमित नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि विधेयक में सीट की संख्या डेढ़ गुना करने का स्पष्ट प्रावधान है।


सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News