निधि, सन्मार्ग संवाददाता
नदिया : नदिया जिले के रानाघाट में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एसआईआर (Special Intensive Revision) सूची से नाम हटाए जाने के बाद मानसिक दबाव झेल रहे एक बुजुर्ग की ट्रिब्यूनल कार्यालय के बाहर लाइन में खड़े-खड़े मौत हो गई। यह घटना रनाघाट महकमा शासक कार्यालय परिसर में हुई, जहां बड़ी संख्या में लोग अपने नाम फिर से मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि मृतक का नाम हाल ही में संशोधित मतदाता सूची से हटा दिया गया था। इसके बाद वह काफी तनाव में था और अपना नाम दोबारा जुड़वाने के लिए ट्रिब्यूनल में आवेदन करने पहुंचे था। लंबी कतार और प्रक्रिया की अनिश्चितता के बीच अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और मौके पर ही गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की जांच में जुट गयी है पुलिस
राज्य में चल रही एसआईआर प्रक्रिया के तहत लाखों लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं जिसके कारण कई लोग अपने अधिकारों को लेकर चिंतित हैं। इस घटना के बाद प्रशासनिक व्यवस्था और प्रक्रिया की संवेदनशीलता पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बुजुर्गों और बीमार लोगों के लिए कोई अलग व्यवस्था नहीं होने के कारण उन्हें घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है, जिससे इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।