

मुंबई: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई के छात्र साहिल वाकोडे के माता-पिता अपनी मांगों को लेकर भूख हड़ताल के तीसरे दिन भी अडिग हैं। बुधवार को दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहा। वे प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला और आईआईटी मुंबई के निदेशक शिरीष केदारे की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
साहिल वाकोडे के माता-पिता के समर्थन में मुंबई युवा कांग्रेस और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन के कुछ कार्यकर्ता भी प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में साहिल की तस्वीरें लेकर उसके लिए न्याय की मांग की।
परिवार के वकील ने कहा कि उनकी मांगों को लेकर सरकार की ओर से अब तक कोई जवाब नहीं मिला है। साहिल के पिता रवींद्र वाकोडे ने बुधवार को मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया।
आईआईटी मुंबई में द्वितीय वर्ष के छात्र 22 वर्षीय साहिल वाकोडे का शव 18 सितंबर की शाम उसके छात्रावास के कमरे में फंदे से लटका हुआ मिला था।
यह घटना मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान कथित तौर पर चैटजीपीटी के इस्तेमाल के लिए मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए पकड़े जाने के कुछ घंटे बाद हुई थी।
साहिल के माता-पिता ने संस्थान में अपने बेटे के साथ जातिगत भेदभाव किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वे तब तक अपना विरोध जारी रखेंगे, जब तक उनके बेटे को न्याय नहीं मिलता और मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती।
परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों के बीच प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। साहिल के माता-पिता अब डूला के साथ-साथ आईआईटी मुंबई के निदेशक शिरीष केदारे की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। परिवार का कहना है कि उनकी मांगें पूरी होने तक भूख हड़ताल और विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।