रोहित की सुले से अपील: परिसीमन विधेयक का समर्थन न करें

परिसीमन विधेयक मुद्दे पर ‘पवार परिवार’ में दरार!
Mumbai
सुप्रिया सुले
Published on: 

दिल्ली ब्यूरो

मुंबई : प्रस्तावित परिसीमन विधेयक के मुद्दे पर ‘पवार परिवार’ भी बंटा नजर आ रहा है। विधेयक का समर्थन करने के राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के फैसले के बीच पार्टी विधायक रोहित पवार ने रविवार को कार्यकारी अध्यक्ष और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले से इस कानून का विरोध करने का आग्रह किया। रोहित ने कहा कि इस विधेयक का समर्थन करना पार्टी की विचारधारा और इसके संस्थापक शरद पवार की विरासत के साथ विश्वासघात करने जैसा होगा।

एक ‘नागरिक और स्वाभिमानी कार्यकर्ता’ के रूप में सुले को संबोधित पत्र में, कर्जत-जामखेड के विधायक ने कहा कि इस विधेयक को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में व्यापक नाराजगी है। पत्र में महात्मा ज्योतिबा फुले, छत्रपति साहू महाराज और डॉ. बी. आर. आंबेडकर के सिद्धांतों के साथ-साथ दिवंगत यशवंतराव चव्हाण की प्रगतिशील और लोकतांत्रिक विचारधारा का हवाला दिया गया है जिसके बारे में विधायक ने कहा कि शरद पवार पिछले छह दशकों से इन सिद्धांतों का पालन कर रहे हैं।

पत्र में इस बात पर जोर दिया गया कि शरद पवार की अस्वस्थता के दौरान लिये गए किसी भी निर्णय से इन सिद्धांतों के प्रति उनकी आजीवन प्रतिबद्धता कमजोर नहीं होनी चाहिए। रोहित ने पार्टी के अपने सहयोगियों से किसी भी दबाव में न आने और संविधान के साथ विश्वासघात न करने का आग्रह किया।

उन्होंने पार्टी के सांसदों और विधायकों से भी अपना रुख सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करने को कहा। राकांपा (शप) विधायक ने पत्र में कहा, ‘‘इस विधेयक का समर्थन करना हमारी अपनी विचारधारा के साथ विश्वासघात करने जैसा होगा। लाखों पार्टी कार्यकर्ता प्रस्तावित कानून के विरोध में हैं। पत्र में आरोप लगाया गया कि पार्टी के भीतर मौजूद भाजपा समर्थक सुले के चेहरे का इस्तेमाल कर इस कदम को आगे बढ़ा रहे हैं, जिससे उनकी राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंच रहा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News