नीतिश के हटते ही उपचुनाव में RJD की जीत

सोनू राय ने JDU को हराया, तेजस्वी यादव को मिली राहत
नीतिश के हटते ही उपचुनाव में RJD की जीत
Published on

पटना : भोजपुर-सह-बक्सर स्थानीय प्राधिकार निर्वाचन क्षेत्र के उपचुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के उम्मीदवार सोनू कुमार राय ने जीत हासिल की है। गुरुवार को घोषित नतीजों में उन्होंने जेडीयू प्रत्याशी कन्हैया प्रसाद को मात दी। यह जीत RJD के लिए खास मानी जा रही है, क्योंकि 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पार्टी को इससे बड़ी राहत मिली है। वहीं, नीतीश कुमार के पद छोड़ने के बाद जेडीयू को यह हार बड़ा झटका माना जा रहा है।

उपचुनाव के लिए 12 मई को मतदान हुआ था, जिसमें रिकॉर्ड 97.96 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। भोजपुर और बक्सर जिलों में पुरुष और महिला मतदाताओं की भागीदारी लगभग बराबर रही, जो चुनाव के प्रति लोगों की जागरूकता को दर्शाती है। मतगणना आरा के राजकीय कन्या +2 उच्च विद्यालय में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। जिला प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए थे।

इस सीट पर चुनाव तत्कालीन एमएलसी राधाचरण साह के इस्तीफे के बाद कराया गया था। जेडीयू ने उनके बेटे कन्हैया प्रसाद को मैदान में उतारा था, लेकिन पार्टी की उम्मीदों के विपरीत परिणाम आया। वहीं, सोनू राय राजनीतिक परिवार से आते हैं। वे पूर्व एमएलसी लाल दास राय के बेटे और आरजेडी के पूर्व विधायक विजेंद्र यादव के दामाद हैं।

इस जीत के बाद RJD ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर सोनू राय और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है। माना जा रहा है कि यह परिणाम बिहार की राजनीति में आने वाले समय के लिए अहम संकेत दे सकता है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in