आज CM शुभेंदु से मिलेगा ऋतब्रत खेमा

SIR पर विशेष ट्रिब्यूनल की मांग, ममता गुट का तंज
ऋतब्रत गुट
ऋतब्रत गुट
Published on

कोलकाता : दिल्ली में बागी तृणमूल सांसदों के साथ मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की बैठक के बाद अब शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व में 10 सदस्यीय बागी तृणमूल विधायक दल नवान्न में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल में संदीपन साहा, फिरहाद हकीम, आखरुज्जमां, अरूप राय समेत कई विधायक शामिल रहेंगे। बैठक में मुर्शिदाबाद के NCPI सांसद अबू ताहेर खान और खलीलुर रहमान के भी शामिल होने की संभावना है।

ट्रिब्यूनल की मांग पर सौंपेंगे ज्ञापन

पार्टी का कहना है कि बैठक का मुख्य एजेंडा SIR प्रक्रिया के बाद मतदाता सूची से हटाए गए लोगों के अधिकारों की रक्षा तथा प्रत्येक जिले में विशेष ट्रिब्यूनल गठित करने की मांग है। ऋतब्रत गुट के मुख्य सचेतक आखरुज्जमां का दावा है कि करीब 27 लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं और प्रभावित लोगों को अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहा।

यूसुफ पठान ने सीएम को लिखा पत्र

इसी मांग को लेकर बहरमपुर के सांसद और बागी तृणमूल नेता यूसुफ पठान ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर प्रत्येक जिले में विशेष ट्रिब्यूनल गठित करने की मांग की है। उनका कहना है कि पूरे राज्य के मामलों की सुनवाई फिलहाल केवल जोका स्थित एक ट्रिब्यूनल में हो रही है, जिससे दूरदराज के जिलों के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

'फोटो खिंचवाना ही असली मकसद'

उधर, ममता बनर्जी खेमे के विधायक कुणाल घोष ने तंज कसते हुए कहा कि यह प्रतिनिधिमंडल केवल 'फोटो खिंचवाने' जा रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने स्पष्ट किया कि ट्रिब्यूनल का मामला न्यायालय के अधिकार क्षेत्र का विषय है। उन्होंने बताया कि SIR के तहत विचाराधीन 27 लाख लोगों में से केवल सात लाख लोगों ने ही अपील की है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि वह प्रतिनिधिमंडल की बातें सुनेंगे, लेकिन सरकार कानून के दायरे में रहकर ही निर्णय ले सकती है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in