राहुल ने संसद में हंगामा, बहिष्कार को कांग्रेस की कार्यशैली बनाया : शाह

‘इंडिया’ गठबंधन घुसपैठियों को बचाने की कोशिश करता है : केंद्रीय गृहमंत्री
Karnal
लोकतंत्र में संसद को बहस का सर्वोपरि स्थान : अमित शाह
Published on: 

करनाल : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने संसद में हंगामा करने और बहिष्कार को कांग्रेस की कार्यशैली बना दिया। उन्होंने यह भी कहा कि घुसपैठियों की पहचान करके उन्हें मतदाता सूची से हटाना भाजपा का संकल्प है, जबकि इसके विपरीत ‘इंडिया’ गठबंधन घुसपैठियों को बचाने की कोशिश करता है।

गृहमंत्री ने गुरुवार को करनाल में सेक्टर 12 से दयानंद चौक तक भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा की अगुवाई की। शाह ने पदयात्रा के बाद एक रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी पर देश में अराजकता फैलाने का भी आरोप लगाया।

शाह ने लोकतंत्र में संसद को बहस का सर्वोपरि स्थान बताते हुए कहा, ‘राहुल जी, आप संसद को चलने नहीं देते, आप मुद्दों पर चर्चा नहीं करते। आपने हंगामा करना और बहिष्कार का सहारा लेना कांग्रेस पार्टी का ‘कल्चर’ बना दिया है।’ शाह ने कहा, ‘क्या आपको लगता है कि हमारा 80 साल पुराना लोकतंत्र आपके झांसे आ जाएगा? राहुलजी, हम जमीन से जुड़े लोग हैं, मैं जो कह रहा हूं उसे नोट कर लीजिए।

भाजपा आपको करारा जवाब देगी—संसद में, विधानसभा में, गांवों में, हर जगह।’ हजारों समर्थकों के साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री एवं करनाल के सांसद मनोहर लाल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अर्चना गुप्ता, पार्टी की हरियाणा प्रभारी स्मृति ईरानी और राज्य के कई मंत्री शाह के साथ पदयात्रा में शामिल हुए।

इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक तिरंगा लहराते हुए ‘लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा में शामिल हुए। शाह ने दोहराया कि केंद्र सरकार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने को तैयार हैं। उन्होंने आरोप लगाया, ‘यदि आप जिम्मेदार चर्चा चाहते हैं,

तो संसद के भीतर बहस करें। चुनावी सूचियों से घुसपैठियों की पहचान करना और उन्हें हटाना भाजपा का संकल्प है, जबकि इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) घुसपैठियों की रक्षा करना चाहता है।’ ‘इंडिया’ पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि 1 नवंबर की उनकी रैली कोई ‘वोट बचाओ’ अभियान नहीं, बल्कि ‘घुसपैठिया बचाओ’ रैली थी।

शाह ने कहा, ‘घुसपैठियों को लेकर मोदीजी का पक्का इरादा है - पहचानें, हटाएं और बाहर निकालें; यानी उनकी पहचान करना, मतदाता सूची से उनके नाम हटाना और उन्हें देश से बाहर निकालना।’ गृहमंत्री ने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं का ब्योरा मांगते हुए कहा, ‘आप लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं, लोगों को यह जानने का अधिकार है।’

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News