कानूनी अड़चनें दूर कर पारदर्शी नियुक्ति की तैयारी, SSC ने तेज की प्रक्रिया

7 या 17% आरक्षण पर वकीलों से राय, 14 अगस्त से प्रस्तावित सिफारिश पत्र पर विमर्श
प्रेस कॉन्फ्रेंस में SSC चेयरमैन दुष्यंत नरियाला, साथ में स्वामी आत्मप्रियानंद तथा स्वामी तत्वसारानंद
प्रेस कॉन्फ्रेंस में SSC चेयरमैन दुष्यंत नरियाला, साथ में स्वामी आत्मप्रियानंद तथा स्वामी तत्वसारानंद
Published on

कोलकाता : शिक्षक नियुक्ति को लेकर लंबे इंतजार के बीच OBC आरक्षण का पेंच एक बार फिर प्रक्रिया की रफ्तार पर भारी पड़ता दिख रहा है। हालांकि, स्कूल सर्विस कमीशन (SSC) का दावा है कि कानूनी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर पारदर्शी तरीके से नियुक्ति प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जायेगा।

मंगलवार को सॉल्टलेक के विद्यासागर भवन में पत्रकार वार्ता के दौरान एसएससी चेयरमैन दुष्यंत नारियाला ने बताया कि ओबीसी आरक्षण के तहत 7 फीसदी या 17 फीसदी में से कौन-सा प्रावधान लागू होगा, इस पर आयोग अपने कानूनी सलाहकारों से राय ले रहा है।

नारियाला ने स्पष्ट किया कि भविष्य में नियुक्तियों पर किसी तरह की कानूनी जटिलता न आये, इसलिए जल्दबाजी में कोई कदम नहीं उठाया जायेगा। इसका असर 11वीं-12वीं के अभ्यर्थियों को 14 अगस्त से प्रस्तावित अनुशंसा पत्र वितरण पर पड़ सकता है। आयोग जल्द ही इस संबंध में आधिकारिक विज्ञप्ति जारी करेगा।

इधर, 9वीं-10वीं के 39,218 अभ्यर्थियों में 15 हजार के दस्तावेजों का सत्यापन पूरा हो चुका है। ओबीसी आरक्षण पर नीति स्पष्ट होते ही इनके नियुक्ति संबंधी अगले चरण पर काम शुरू होगा। नारियाला ने कहा कि आयोग सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप पूरी गंभीरता से प्रक्रिया आगे बढ़ा रहा है।

हालांकि, 31 अगस्त तक नियुक्ति पूरी करने की समयसीमा को लेकर भी सवाल खड़े हो गये हैं। नारियाला ने कहा कि जरूरत पड़ने पर आयोग अतिरिक्त समय के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख कर सकता है। इस पर वकीलों के साथ बैठक के बाद फैसला होगा।

पूजा से पहले ग्रुप C-D का रिजल्ट होगा जारी

एसएससी के चेयरमैन ने कहा कि ग्रुप C और D भर्ती परीक्षा का परिणाम पूजा से पहले जारी करने का लक्ष्य है। वहीं आयोग को और मजबूत करने के लिए चार नये सदस्यों को शामिल किया गया है। इनमें स्वामी आत्मप्रियानंद, स्वामी तत्वसारानंद, स्वामी स्वास्त्रज्ञानंद और आईआईएम कोलकाता की प्रोफेसर राम्या तारकाड वेंकटेश्वरन शामिल हैं। नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़ी सभी जानकारियां एसएससी की वेबसाइट पर सार्वजनिक की जायेंगी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in