

नई दिल्लीः बारिश की संभावना के बीच आज टी20 विश्व कप में कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम में भारत-पाकिस्तान के बीच एक बड़ा मुकाबला होने जा रहा है। इस मैच को लेकर क्रिकेट पंडित भारत की जीत की संभावना जता रहे हैं लेकिन टी20 क्रिकेट में कभी भी कुछ हो सकता है। इसलिए भारतीय क्रिकेट प्रशंसक भारत की जीत के लिए पूजा पाठ कर रहे हैं।
आज होने वाले महामुकाबले को लेकर भारत के कई हिस्सों में कप्तान सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली भारतीय टीम की पाकिस्तान पर जीत के लिए दुआं मांगी जा रही हैं। प्रार्थना की जा रही है। मंदिरों में पूजा-पाठ किया जा रहा है। ऐसी ही एक तस्वीर कानपुर से आई है जहां भारतीय क्रिकेटरों की तस्वीर रख कर हवन-पूजा किया जा रहा है। भारतीय टीम की जीत के लिए ही हवन-पूजा किया गया।
आठ मुकाबले में सात में जीता भारत
टी20 विश्व कप के इतिहास में भारत ने पाकिस्तान को एकतरफा तरीके से हराया है। अबतक दोनों टीमों के बीच कुल आठ मैच हुए हैं जिनमें भारत ने सात मैच जीते हैं। इसी साल एशिया कप में भी भारत-पाकिस्तान भिड़े थे और दोनों टीमों के बीच दो ग्रुप और फाइनल मुकाबले खेले गये थे जिनमें भारत ने पाकिस्तान को हराया था।
टी20 विश्व कप में भारत-पाक मुकाबाले का इतिहासः
2007 (ग्रुप स्टेज): यह मैच टाई रहा था, जिसे भारत ने बॉल आउट के जरिए जीता।
2007 (फाइनल): भारत ने पाकिस्तान को 5 रन से हराकर पहला टी20 विश्व कप खिताब जीता था।
2012, 2014 और 2016: इन तीनों संस्करणों में भारत ने एकतरफा जीत हासिल की।
2021: इस साल पाकिस्तान ने भारत को 10 विकेट से हराकर विश्व कप इतिहास में अपनी एकमात्र जीत दर्ज की।
2022: विराट कोहली की ऐतिहासिक नाबाद 82 रनों की पारी की बदौलत भारत ने मेलबर्न में रोमांचक जीत हासिल की।
2024: न्यूयॉर्क में खेले गए कम स्कोर वाले मैच में भारत ने 119 रन का सफलतापूर्वक बचाव किया और 6 रन से जीत दर्ज की।