पहलगाम हमले में हाफिज सईद पर NIA का शिकंजा

लश्कर-ए-तैयबा और TRF के सरगना के तौर पर नाम शामिल, भारत के खिलाफ युद्ध और सीमा पार से साजिश रचने का आरोप
पहलगाम हमले में हाफिज सईद पर NIA का शिकंजा
Published on

22 अप्रैल 2025 को हुए पहलगाम आतंकी हमला मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी> ने जम्मू की विशेष अदालत में सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की है। इस चार्जशीट में पाकिस्तान स्थित आतंकी और हाफिज सईद के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

NIA के अनुसार, हाफिज सईद को प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा और उसके प्रॉक्सी संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट के प्रमुख के रूप में नामजद किया गया है। एजेंसी का दावा है कि उसने पाकिस्तान में बैठकर पहलगाम आतंकी हमले की साजिश रची और भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने की योजना बनाई।

सप्लीमेंट्री चार्जशीट में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 और गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA), 1967 की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं। NIA का कहना है कि वैज्ञानिक जांच, डिजिटल साक्ष्यों और जमीनी स्तर पर जुटाए गए सबूतों के आधार पर पाकिस्तान की भूमिका को भी चार्जशीट में विस्तार से शामिल किया गया है।

इससे पहले दायर 1,597 पन्नों की मूल चार्जशीट में लश्कर के कथित हैंडलर साजिद जट्ट, तीन पाकिस्तानी आतंकियों फैसल जट्ट, हबीब ताहिर और अबू हमजा के नाम शामिल थे।

चार्जशीट में गिरफ्तार स्थानीय आरोपियों परवेज अहमद और बशीर अहमद जोथड का भी उल्लेख है। NIA का आरोप है कि इन दोनों ने हमले से पहले आतंकियों को पनाह और अन्य सहायता उपलब्ध कराई थी।

पहलगाम हमले के बाद भारत ने 6 और 7 मई 2025 की रात ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौजूद आतंकी लॉन्च पैड्स को निशाना बनाया था। इस कार्रवाई में कई आतंकी ठिकानों को नष्ट किए जाने का दावा किया गया था। वहीं, NIA अब भी इस हमले से जुड़े पूरे सीमा-पार आतंकी नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in