निधि, सन्मार्ग संवाददाता
हावड़ा : पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के आमता में हुए बम विस्फोट मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को एक बड़ी सफलता मिली है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने इस मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान असफर मिद्या और अंताज़ुल मिद्या के रूप में हुई है। फिलहाल दोनों आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना साल 2022 की है, जब हावड़ा के आमता में बम बनाते समय एक भीषण विस्फोट हुआ था। इस हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई थी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। शुरुआत में स्थानीय राज्य पुलिस इस मामले की जांच कर रही थी, लेकिन घटना की गंभीरता को देखते हुए बाद में इसकी जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंप दी गई।
अब तक 6 गिरफ्तारियां
NIA ने मामले की कमान संभालते ही नए सिरे से प्राथमिकी (FIR) दर्ज की और गहन तफ्तीश शुरू की। जांच एजेंसी पहले ही अदालत में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। इस मामले में NIA द्वारा पहले ही 4 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका था। अब दो और मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद, आमता विस्फोट मामले में कुल गिरफ्तारियों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है।
पश्चिम बंगाल में चुनावों के दौरान और उससे पहले भी कई जगहों पर बम विस्फोट की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिनकी जांच NIA कर रही है। आमता मामले में इन दो मुख्य गिरफ्तारियों को जांच एजेंसी के लिए एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।