NHAI ने रिंग रोड परियोजना के लिए शुरू की टेंडर प्रक्रिया

NHAI ने रिंग रोड परियोजना के लिए शुरू की टेंडर प्रक्रिया
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता और उसके आसपास के इलाकों की सड़क कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। गुरुवार को कोलकाता रिंग रोड परियोजना की घोषणा की गयी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। करीब 250 किलोमीटर लंबी प्रस्तावित रिंग रोड परियोजना के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। प्रशासन के इस तेजी से उठाए गए कदम से स्पष्ट है कि सरकार इस महत्वाकांक्षी परियोजना को जल्द से जल्द आगे बढ़ाना चाहती है। माना जा रहा है कि आने वाले समय में यह परियोजना कोलकाता की तस्वीर बदलने और शहर को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

250 किलोमीटर लंबी रिंग रोड के लिए अंतरराष्ट्रीय निविदा

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, प्रस्तावित रिंग रोड का निर्माण पूरी तरह पश्चिम बंगाल की सीमा के भीतर किया जाएगा। शुरुआती योजना के मुताबिक इसकी कुल लंबाई लगभग 250 किलोमीटर होगी। इस विशाल परियोजना के लिए अंतरराष्ट्रीय निविदा के माध्यम से एक परामर्शदाता कंपनी का चयन किया जाएगा। चयनित कंपनी परियोजना के तकनीकी पहलुओं का अध्ययन करने के साथ ही इसका विस्तृत डिजाइन और DPR तैयार करेगी।

11 जनवरी 2027 तक जमा होंगे टेंडर

NHAI की कोलकाता परियोजना कार्यान्वयन इकाई की ओर से 25 नवंबर को इस संबंध में आधिकारिक निविदा अधिसूचना जारी की गई। अधिसूचना के मुताबिक, 25 नवंबर से ही ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर टेंडर दस्तावेज उपलब्ध करा दिए गए हैं। इच्छुक कंपनियां 11 जनवरी 2027 को सुबह 11 बजे तक ऑनलाइन टेंडर दस्तावेज डाउनलोड करने और अपनी निविदाएं जमा करने की प्रक्रिया पूरी कर सकती हैं। इसके अगले दिन यानी 12 जनवरी 2027 को दोपहर 12 बजे प्राप्त निविदाएं खोली जाएंगी।

जाम से मिलेगी निजात, मालवाहक वाहनों को भी होगा फायदा

विशेषज्ञों का मानना है कि करीब 250 किलोमीटर लंबी रिंग रोड तैयार होने के बाद कोलकाता और आसपास के इलाकों की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव आ सकता है। इस सड़क के निर्माण से दूसरे जिलों से आने वाले वाहनों को शहर के मुख्य हिस्सों में प्रवेश किए बिना ही अपने गंतव्य तक पहुंचने का वैकल्पिक रास्ता मिल सकेगा। इससे शहर के भीतर ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है। खासकर मालवाहक वाहनों के लिए यह परियोजना काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। परिवहन व्यवस्था सुगम होने से व्यापार, औद्योगिक गतिविधियों और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

अभी शुरुआती चरण में है परियोजना

फिलहाल यह परियोजना शुरुआती चरण में है। प्रस्तावित रिंग रोड किन-किन इलाकों से होकर गुजरेगी, इसका अंतिम रूट अभी तय नहीं हुआ है। इसके अलावा भूमि अधिग्रहण, परियोजना की कुल अनुमानित लागत और निर्माण कार्य शुरू होने की समयसीमा को लेकर भी अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल NHAI की ओर से परामर्शदाता कंपनी नियुक्त करने और DPR तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। जनवरी 2027 में टेंडर खुलने के बाद परियोजना की वास्तविक रूपरेखा, संभावित रूट और आगे की कार्ययोजना को लेकर तस्वीर अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News