नेशनल हाइवे पर डंपर की चपेट में आने से स्कूटी सवार दो युवकों की मौत

फूलिया के प्रफुल्लनगर में हुआ भीषण हादसा, दोनों की मौके पर ही गई जान
Nadia Road Accident: Two Youths on Scooter Killed by Dumper in Shantipur
सांकेतिक फोटो REP
Published on: 

नि​धि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया : पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के शांतिपुर में महापंचमी की सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो युवकों की मौत हो गई। गुरुवार की सुबह 12 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर फूलिया के प्रफुल्लनगर इलाके में एक तेज रफ्तार डंपर ने सामने से स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक डंपर के पहिये के नीचे आ गए और उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। त्योहार के ठीक पहले इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों में से एक की पहचान शांतिपुर थाना क्षेत्र के बोआलिया निवासी सत्येन राय के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक की पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है।

तेज रफ्तार डंपरों के आतंक से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने जताई चिंता

मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों युवक राणाघाट से स्कूटी पर सवार होकर शांतिपुर की ओर आ रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही शांतिपुर थाने की पुलिस और यातायात पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर थाने ले आई। इस दुर्घटना के बाद स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का आरोप है कि इस राष्ट्रीय राजमार्ग पर डंपर बहुत तेज गति से चलते हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर आवाजाही करनी पड़ती है। यहां आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि त्योहारों के इस सीजन में सुरक्षा बढ़ाई जाए और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त नियंत्रण रखा जाए।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in