उत्तर-दक्षिण बंगाल को जोड़ने के लिए मेगा रोड प्रोजेक्ट

दार्जिलिंग से गंगासागर तक एक नया रूट !, बिहार से होकर गुजरेगा यह हाईवे, अक्टूबर से शुरू होगा 90 नई सड़कों का निर्माण कार्य, PWD विभाग में जीरो-टॉलरेंस की नीति
उत्तर-दक्षिण बंगाल को जोड़ने के लिए मेगा रोड प्रोजेक्ट
Published on

सबिता राय, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य की नई सरकार बंगाल के लिए कई अहम घोषणाएं कर रही हैं। बुधवार को मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया गया और मंत्रियों ने अपने-अपने विभागों की जिम्मेदारी संभाल ली है। राज्य के पीडब्ल्यूडी विभाग के मंत्री अजय पोद्दार ने बड़ी घोषणाएं की। अजय पाेद्दार ने कहा कि उत्तर और दक्षिण बंगाल को जोड़ने के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी के सहयोग से दार्जिलिंग से गंगासागर तक 770 किलोमीटर लंबा हाईवे बनाया जाएगा। इसके तहत 336 कि.मी. रोड का चौड़ीकरण किया जायेगा। उन्होंने कहा कि आज बुनियादी ढांचे के विकास को लेकर कई योजनाएं हैं। इनमें सबसे खास है उत्तर और दक्षिण बंगाल को जोड़ने वाला एक बड़ा सड़क प्रोजेक्ट। यह एक बिल्कुल नई सड़क बनाने का फैसला है। इस सड़क का एक हिस्सा बिहार से होकर गुजरेगा। इसके साथ ही, मंत्री ने अगले सात महीनों में राज्य भर की सभी सड़कों की हालत सुधारने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि मॉनसून के कारण, 15 जुलाई से अक्टूबर के बीच डामर वाली सड़कों पर काम करना थोड़ा मुश्किल होता है। हालांकि, हम सबसे पहले गड्ढों की मरम्मत का काम पूरा करेंगे। इसके बाद, अक्टूबर में राज्य में 90 नई सड़कों का निर्माण कार्य शुरू होगा। 'डबल-इंजन' सरकार की वजह से इस बार बंगाल में फंड की कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि अब पीडल्यूडी विभाग में 'भ्रष्टाचार के प्रति जीरो-टॉलरेंस की नीति' अपनाई जाएगी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in