
-->

दमिश्क: सीरिया की राजधानी दमिश्क में एक कैफे में हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हो गए। यह धमाका ऐसे समय हुआ जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों आधिकारिक दौरे पर सीरिया में मौजूद हैं। विस्फोट के बाद सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई है।
फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय ने स्पष्ट किया कि धमाकों के बावजूद राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनका सीरिया दौरा तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक विस्फोट उस इलाके के पास भी हुआ जहां फ्रांसीसी प्रतिनिधिमंडल ठहरा हुआ था, हालांकि राष्ट्रपति को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचा।
धमाके के बाद मैक्रों ने बयान जारी करते हुए कहा,
"मेरी यात्रा जारी रहेगी। सीरिया के लोगों के एक संप्रभु, सुरक्षित, बहुलवादी और एकजुट देश के सपनों को कोई नहीं दबा सकता। मैंने यहां के लोगों में गरिमा, साहस और दृढ़ संकल्प देखा है।"
सीरिया के गृह मंत्रालय के अनुसार, विस्फोट मध्य दमिश्क के हिजाज इलाके में अल-नस्र स्ट्रीट स्थित एक कैफे के अंदर हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हमले में लगभग एक किलोग्राम विस्फोटक से तैयार इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) का इस्तेमाल किया गया था, जिसमें धातु के टुकड़े भरे गए थे ताकि अधिक नुकसान पहुंचाया जा सके।
अधिकारियों के मुताबिक, यह कैफे जस्टिस पैलेस से करीब 70 मीटर की दूरी पर स्थित है। विस्फोट स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब तीन बजे हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
धमाके के तुरंत बाद सुरक्षा बल, फॉरेंसिक टीम और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंच गईं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सीरियाई अधिकारियों ने कहा कि घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमले के पीछे कौन लोग शामिल थे और उनका मकसद क्या था। फिलहाल किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
यह घटना ऐसे समय हुई है जब सीरिया में सुरक्षा हालात को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार चिंता बनी हुई है और मैक्रों का दौरा भी क्षेत्रीय स्थिरता और सहयोग के लिहाज से अहम माना जा रहा है।