सिमी से जुड़े लोगों पर महाराष्ट्र एटीएस के छापे, 12 हिरासत में

जाने क्या है पूरा मामला
सिमी से जुड़े लोगों पर महाराष्ट्र एटीएस के छापे, 12 हिरासत में
Published on: 

मुंबई : महाराष्ट्र आतंकवाद रोधी दस्ते (एटीएस) ने आतंकवाद से संबंधित एक मामले में सोमवार को ठाणे जिले में छापेमारी के बाद 12 व्यक्तियों को हिरासत में लिया। अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी सिमी के कुछ पूर्व पदाधिकारियों और सदस्यों के घरों पर भी की गई।

एक अधिकारी ने मामले का ब्यौरा दिए बिना बताया कि एटीएस की मुंबई इकाई ने ठाणे ग्रामीण पुलिस की सहायता से मुंबई से सटे जिले के पडघा और बोरीवली गांव में सुबह करीब चार बजे छापेमारी शुरू की। दोनों गांवों में बड़ी संख्या में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई थी। एटीएस के अधिकारियों ने प्रतिबंधित स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) के पूर्व पदाधिकारियों और सदस्यों के लगभग दो दर्जन घरों और परिसरों पर छापेमारी की। इनमें साकिब नाचन, आकिब साकिब नाचन, अब्दुल लतीफ कासकर, कैफ नाचन और शाजिल नाचन के घर एवं परिसर शामिल हैं। जमीन डीलर और सिमी का पूर्व सदस्य फराक जुबैर मुल्ला (60) भी उन व्यक्तियों में शामिल है जिनके घरों पर छापेमारी की गई। उसका बड़ा भाई हसीब जुबैर मुल्ला 2002 और 2003 के मुंबई ट्रेन बम विस्फोट मामलों में आरोपी है।

कई घंटे छापेमारी, कई घंटे पूछताछ

अधिकारी ने बताया कि हसीब ने 10 साल की सजा काट ली है और 9 दिसंबर 2023 से वह आईएसआईएस मॉड्यूल मामले में साकिब नाचन के साथ दिल्ली की एक जेल में सलाखों के पीछे है। अब्दुल लतीफ कासकर (27) एक गोदाम में काम करता है और उसके घर पर भी छापेमारी की गई। उन्होंने बताया कि वह फरहान सुसे का करीबी दोस्त है, जिसे दिल्ली में एक आईएसआईएस मॉड्यूल मामले में सुरक्षा एजेंसियों ने हिरासत में लिया था। छापेमारी के दौरान छह व्यक्ति अपने घरों पर नहीं मिले। छापेमारी दोपहर तक जारी रही और संदिग्धों से कई घंटों तक पूछताछ की गई। बाद में एटीएस संदिग्धों को पडघा पुलिस थाने ले गई, जहां 12 लोगों को आगे की पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने 2023 में आतंकवादी संगठन आईएसआईएस के खिलाफ देश भर में की गई कार्रवाई के तहत ठाणे के पडघा में छापेमारी की थी और साकिब नाचन सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया था।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in