

संगरूर (पंजाब) : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा कि यदि मोदी उनके साथ बहस करते हैं तो वे पांच मिनट में साबित कर देंगे कि प्रधानमंत्री ‘देशद्रोही’ हैं और वे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इशारे पर काम करते हैं।
‘बहस के लिए भागवत या फिर अदाणी को जज बना लें’
राहुल ने संगरूर में कांग्रेस की ‘इंसाफ रैली’ को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि प्रधानमंत्री चाहें है तो बहस के लिए RSS प्रमुख मोहन भागवत या फिर उद्योगपति गौतम अदाणी को जज बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी कांग्रेस नेताओं को देशद्रोही कहते हैं। मैंने उन्हें सीधी चुनौती दी कि आप मेरे साथ बहस करिये। जिसको आप जज बनाना चाहते हैं, बना दीजिए।
नेता प्रतिपक्ष का कहना था कि मैं देश को गारंटी देता हूं कि नरेंद्र मोदी मेरे सामने आकर बैठ नहीं सकते। उनके सारे नेता कह रहे हैं कि संसद में चर्चा करिये, लेकिन संसद में आप लोग मेरा माइक बंद कर देते हैं और मुझे बोलने नहीं देते हैं। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने अमेरिका के साथ पांच मिनट में व्यापार समझौता कर लिया और ट्रंप की ओर से धमकी दिये जाने पर भारत के किसानों, छोटे व्यापारियों के हितों और देश का डेटा तक उनके हवाले कर दिया।
पंजाब जीतेंगे तो सारा भारत जीतेंगे : खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पंजाब में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुटता बनाए रखने का आह्वान करते हुए कि यदि उनकी पार्टी पंजाब विधानसभा चुनाव जीतती है तो वह सारा भारत जीतेगी। खरगे ने ‘इंसाफ रैली’ को संबोधित करते हुए प्रदेश की आम आदमी पार्टी की सरकार पर भी तीखा हमला बोला और अरविंद केजरीवाल की पार्टी को भाजपा की ‘बी टीम’ करार दिया। उन्होंने दावा किया कि ‘आप’ गुजरात, गोवा और कई राज्यों में कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रही है।