सुप्रीम कोर्ट की फटकार पर जला ‘कार्तिगई दीपम’

कार्तिगई दीपम को जलाने में लगा 30 किलो घी, 50 मीटर सूती बाती और पांच किलो कपूर
karthigai_lamp_lit
आखिरकार प्रज्ज्वलित हुआ कार्तिगई दीपम
Published on: 

मदुरै : सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद आखिरकार शनिवार को तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर पारंपरिक दीपथून स्तंभ ‘कार्तिगई’ पर दीपम प्रज्ज्वलित कर दिया गया। इस दौरान सुप्रीम कोर्ट द्वारा द्वारा नियुक्त पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति एस वैद्यनाथन और न्यायमूर्ति वी पार्थिबन की मौजूदगी में यह रस्म हुई। कार्तिगई दीपम को जलाने में 30 किलोग्राम घी, 50 मीटर सूती बाती और पांच किलोग्राम कपूर का इस्तेमाल किया गया।

deepam_kartigai
दीपम को जलाने में लगा 30 किलो घी, 50 मीटर सूती बाती और पांच किलो कपूर

भक्तों ने लगाया जयकारा

न्यायमूर्ति एस वैद्यनाथन ने दीप प्रज्वलित किये जाने के बाद बताया कि इसको लेकर मुस्लिम समुदाय की ओर से कोई प्रतिरोध नहीं किया गया, सद्भाव कायम है। इस दौरान वहां मौजूद भक्तों ने भगवान मुरुगन की जय का उद्घोष किया। इसके बाद ‘वेत्रीवेल मुरुगनुक्कु अरोहरा’ के बीच दीपम जलाया गया। इस दौरान पर भक्तों ने जश्न मनाया और पटाखे फोड़े।

fireworks_in_madurai
श्रद्धालुओं ने की आतिशबाजी

व्यापक सुरक्षा इंतजाम

इससे पहले जिला प्रशासन ने घोषणा की थी कि दीपम जलाने के लिए तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर जाने के लिए केवल 50 श्रद्धालुओं को अनुमति रहेगी। अधिकारियों ने सार्वजनिक सुरक्षा, पहाड़ी की संरचनात्मक स्थिरता और कानून-व्यवस्था बनाये रखने का हवाला देते हुए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किये थे। प्रशासन ने लोगों से जिला अधिकारियों और पुलिस को पूरा सहयोग देने की अपील की थी। कार्यक्रम संपन्न कराने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों ने तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी क्षेत्र का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया था।

क्या था सुप्रीम कोर्ट का आदेश?

इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को कार्तिगई दीपम विवाद पर अपने पहले के निर्देश का जानबूझकर उल्लंघन करने के लिए तमिलनाडु सरकार को अवमानना नोटिस जारी की थी। कोर्ट ने साथ ही मंदिर के ट्रस्टियों को हटाते हुए आदेश दिया था कि शनिवार को यहां तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीप स्तंभ पर धार्मिक अनुष्ठान के तहत दीपक जलाया जाये। सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को दीपथून यानी स्तंभ पर दीप जलाने का आदेश दिया था लेकिन तमिलनाडु सरकार और मंदिर प्रशासन उचि पिल्लैयार मंदिर में दीप जला दिया था।

कार्तिगई दीपम दक्षिण भारत का दीपोत्सव

कार्तिगई दीपम तमिलनाडु का प्रमुख हिंदू प्रकाश पर्व है। इसे दक्षिण भारत का दीपोत्सव भी कह सकते हैं। श्रद्धालु इसे भगवान शिव के ज्योतिर्लिंग स्वरूप का प्रतीक मानते हैं। कार्तिगई (कार्तिक) नक्षत्र और पूर्णिमा के संयोग पर इसका आयोजन होता है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News