गंगा में नहाने गया किशोर डूबा, प्रशासन पर राहत कार्य में देरी का आरोप !

दोस्तों के साथ स्नान के दौरान हुआ हादसा
सांकेतिक फोटो
सांकेतिक फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

नदिया : पश्चिम बंगाल के कल्याणी में गंगा नदी में एक किशोर के डूबने की हृदयविदारक घटना सामने आई है। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, डूबे हुए किशोर का नाम सबुज दास है, जिसने इस वर्ष माध्यमिक की परीक्षा दी थी। मंगलवार दोपहर सबुज अपने तीन दोस्तों के साथ कल्याणी के माझर चर इलाके में गंगा स्नान के लिए गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और डूबने लगा। उसे डूबता देख उसके दोस्तों ने बचाने का प्रयास किया और शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर घाट पर मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और पानी में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन किशोर का कहीं पता नहीं चला।

साढ़े तीन घंटे बाद पहुँची बचाव टीम, परिजनों का फूटा गुस्सा

इस घटना के बाद से लापता किशोर के परिजनों और स्थानीय निवासियों में प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश है। परिवार का आरोप है कि घटना की सूचना तुरंत पुलिस और प्रशासन को दी गई थी, लेकिन घंटों बीत जाने के बाद भी कोई गोताखोर मौके पर नहीं पहुँचा। परिजनों के मुताबिक, घटना के लगभग साढ़े तीन घंटे बाद क्यूआरटी (QRT) टीम घटनास्थल पर पहुँची और तलाशी अभियान शुरू किया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन ने तत्परता दिखाई होती, तो शायद किशोर को बचाया जा सकता था। मंगलवार देर रात तक तलाशी अभियान जारी रहने के बावजूद किशोर का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in