

दुबईः ईरान की संयुक्त सैन्य कमान के प्रवक्ता ने रविवार को चेतावनी दी कि अब अमेरिका और इजराइल के अधिकारियों के निजी आवास को निशाना बनाया जाएगा। पश्चिम एशिया में एक माह से अधिक समय से जारी युद्ध भयावह होता जा रहा है। यह धमकी इजराइल तथा पश्चिम एशिया में रहने वाले अमेरिका और इजराइल के सैन्य तथा राजनीतिक अधिकारियों को लक्षित है।
ईरान की संयुक्त सैन्य कमान के प्रवक्ता इब्राहिम जुल्फिकारी ने कहा कि अमेरिका और इजराइल की ओर से ईरान के विभिन्न शहरों में नागरिकों के घरों को निशाना बनाए जाने के बाद यह फैसला लिया गया है। ईरान के उत्तरी क्षेत्र में सोमवार तड़के एक पेट्रोकेमिकल संयंत्र पर हमला किया गया।
इधर ईरानी मीडिया के अनुसार देश के उत्तरी प्रांत में ‘तबरीज पेट्रोकेमिकल’ की एक इकाई को निशाना बनाया गया लेकिन राहत की बात यह है कि हमले के बाद किसी तरह के खतरनाक पदार्थ के रिसाव की सूचना नहीं है। यह कंपनी कच्चे तेल या प्राकृतिक गैस को संसाधित कर उन्हें रासायनिक उत्पादों में बदलती है, जिनका इस्तेमाल प्लास्टिक और अन्य रसायन बनाने में होता है।