ओमान तट पर भारतीय जहाज पर हमला, MEA का कड़ा रुख

विदेश मंत्रालय बोला- ऐसे हमले अस्वीकार्य, सभी भारतीय चालक दल सुरक्षित
ओमान तट पर भारतीय जहाज पर हमला, MEA का कड़ा रुख
Published on

नई दिल्ली : ओमान के तट के पास भारतीय ध्वज वाले एक व्यापारी जहाज पर हुए हमले को लेकर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय ने इस घटना की सख्त निंदा करते हुए कहा है कि इस तरह के हमले किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को बयान जारी कर कहा कि वाणिज्यिक जहाजों और आम नागरिक चालक दल को निशाना बनाना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि हमले के बावजूद जहाज पर सवार सभी भारतीय सुरक्षित हैं और उन्हें बचाने के लिए ओमान प्रशासन का आभार जताया गया है।

जानकारी के मुताबिक, ‘हाजी अली’ नाम का यह मालवाहक जहाज 13 मई की सुबह ओमान के समुद्री क्षेत्र से गुजर रहा था, तभी किसी ड्रोन या मिसाइल जैसे हथियार से टकराने के बाद उसमें आग लग गई। हादसे के वक्त जहाज बेरबेरा पोर्ट से शारजाह की ओर जा रहा था।

स्थिति बिगड़ने पर जहाज के 14 चालक दल के सदस्यों ने लाइफ बोट के जरिए खुद को सुरक्षित बाहर निकाला। बाद में ओमान कोस्टगार्ड ने सभी को सुरक्षित बचा लिया।

चालक दल के सदस्यों ने बताया कि टक्कर से पहले किसी विस्फोट जैसी आवाज सुनाई दी थी, जिसके तुरंत बाद जहाज में आग फैल गई। भारत ने दोहराया है कि समुद्री मार्गों पर व्यापारिक जहाजों की स्वतंत्र आवाजाही सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है और ऐसे हमलों को हर हाल में रोका जाना चाहिए।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in