पति ने पत्नी पर हमला कर काट डाला हाथ

Husband attacked wife and chopped off her hand
सांकेतिक फोटो User
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बारासात : सीमावर्ती इलाके में बुधवार को दिनदहाड़े एक ऐसी वीभत्स घटना घटी, जिसे देख राहगीरों की रूह कांप गई। किसी फिल्मी दृश्य की तरह एक सनकी पति ने बेलता ब्रिज पर अपनी पत्नी को घेर लिया और धारदार हथियार (चापड़) से उस पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। इस जानलेवा हमले में पीड़िता लतिका सिकदर का एक हाथ शरीर से लगभग अलग हो गया है। फिलहाल वह कोलकाता के अस्पताल में मौत से जंग लड़ रही है।

तमाशबीन बने रहे लोग, मदद करने वालों पर भी तानी तलवार

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीड़िता लतिका सिकदर बोनगाँव के चैतीपाड़ा की रहने वाली है। रोज की तरह वह सुबह काम पर जा रही थी, तभी बेलता ब्रिज पर उसके पति शुकदेव सिकदर ने उसे रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बिना किसी बड़े विवाद के शुकदेव ने अचानक हथियार निकाला और पत्नी पर हमला कर दिया। लतिका का हाथ कट गया, उंगली और कान का हिस्सा भी कटकर सड़क पर गिर पड़ा। जब कुछ राहगीर उसे बचाने दौड़े, तो आरोपी हथियार लहराते हुए उनकी तरफ भी झपटा।

आरोपी की मां गिरफ्तार, सनकी पति फरार

घटना की सूचना मिलते ही गोपालनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लतिका को लहूलुहान हालत में बोनगाँव महकमा अस्पताल पहुँचाया, जहाँ से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे कोलकाता स्थानांतरित कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत अत्यंत चिंताजनक है। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी की मां दुलाली सिकदर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी शुकदेव फरार है।

11 साल पहले हुई थी शादी

परिजनों ने बताया कि लतिका और शुकदेव की शादी 11 साल पहले हुई थी और उनका 10 साल का एक बेटा भी है। आखिर इस नृशंस हमले की असली वजह पारिवारिक कलह है या कुछ और, पुलिस इसकी गहनता से जांच कर रही है। इलाके में इस घटना के बाद से भारी तनाव और दहशत का माहौल है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in