हावड़ा में मॉडलिंग के नाम पर नाबालिगों को फंसाने वाले ब्लैकमेल गैंग का भंडाफोड़

साइबर सेल की जांच से खुला गिरोह का नेटवर्क, महिला समेत 5 अभियुक्त गिरफ्तार
Howrah Police Busted Blackmail Gang Exploiting Minors in Modeling Trap
घटना की जानकारी देते हावड़ा पुलिस के डीसीडीडी राहुल मिश्रा
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा: हावड़ा सिटी पुलिस के डिटेक्टिव विभाग ने मॉडलिंग फोटोशूट का झांसा देकर नाबालिग लड़कियों को ब्लैकमेल करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला सहित पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में नौ नाबालिग लड़कियों के इस गिरोह का शिकार होने की पुष्टि हुई है, जबकि पुलिस को आशंका है कि पीड़ितों की संख्या इससे अधिक हो सकती है। डीसीडीडी राहुल मिश्रा ने बताया कि बारुईपुर निवासी अतनु अगुआन उर्फ जीतू चक्रवर्ती अपनी गर्लफ्रेंड सोनाली कोयाल के माध्यम से फेसबुक पर कम उम्र की लड़कियों से संपर्क करता था। मॉडलिंग और फोटोशूट में करियर बनाने का लालच देकर उन्हें विभिन्न होटलों में बुलाया जाता था, जहां उनकी आपत्तिजनक तस्वीरें ली जाती थीं।

वायरल करने की धमकी देकर उगाही, दुष्कर्म के आरोपों की भी जांच

पुलिस के अनुसार, तस्वीरें लेने के बाद गिरोह पीड़िताओं को सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने की धमकी देकर लगातार ब्लैकमेल करता था। उनसे कई किश्तों में नकदी के अलावा सोने-चांदी के आभूषण भी ऐंठे जाते थे। जांच में सामने आया है कि इस तरीके से आरोपियों ने लाखों रुपये की उगाही की। मामले का खुलासा तब हुआ जब एक नाबालिग पीड़िता ने हावड़ा सिटी पुलिस के साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने गिरोह के सरगना अतनु अगुआन उर्फ जीतू चक्रवर्ती, सोनाली कोयाल, राकेश मंडल, राजीब मंडल और राजेश पात्र को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पोक्सो अधिनियम, दुष्कर्म, उगाही, ब्लैकमेल तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि गिरोह में और कौन-कौन शामिल थे तथा क्या अन्य राज्यों या जिलों की लड़कियां भी इसका शिकार बनी हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले मॉडलिंग या फोटोशूट के प्रस्तावों की सत्यता की जांच किए बिना उन पर भरोसा न करें।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in