घर में चोरी का पर्दाफाश, टेंगरा से आरोपी गिरफ्तार

चोरी गये गहनों को किया गया बरामद
Howrah House Burglary Solved: Tangra Resident Arrested, Stolen Gold Recovered
अभियुक्त के पास से बरामद किये गये चोरी के गहने
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : बाली थाना क्षेत्र के शांतिराम रोड में एक परिवार की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर घर में चोरी करने की घटना का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में कोलकाता के टेंगरा थाना क्षेत्र के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसके पास से चोरी हुए सोने के गहने भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गत 26 जुलाई की शाम शांतिराम रोड निवासी शैबाल गुप्ता अपने परिवार के साथ स्थानीय एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से लौटने पर उन्होंने देखा कि उनकी अनुपस्थिति में कोई उनके घर में घुस गया था। घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। चोर करीब 6 से 7 भरी सोने के गहने और 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए थे।

परिवार के कार्यक्रम में जाने का उठाया फायदा

घटना की सूचना मिलते ही बाली थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पुलिस को कुछ संदिग्ध व्यक्तियों की तस्वीरें मिलीं। इसके बाद अपराध के तरीके को ध्यान में रखते हुए आसपास के थाना क्षेत्रों में जानकारी जुटाई गई और लगातार छापेमारी की गई। जांच अधिकारी पीएसआई खगेन मजुमदार और सहायक एएसआई रवींद्रनाथ रुई की सक्रियता से आखिरकार टेंगरा थाना क्षेत्र निवासी अपराधी करीम मोल्ला पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद चोरी किए गए सोने के गहने बरामद कर लिए गए। हावड़ा सिटी पुलिस कमिश्नरेट ने कहा कि अपराध नियंत्रण और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in