तीन नोटिस के बाद कटेगा बिजली-पानी कनेक्शन : मंत्री उमेश राय

Throwing Waste in Drains to Cost Electricity and Water Supply: Minister Umesh Rai
राज्य मंत्री एवं उत्तर हावड़ा के विधायक उमेश राय, विधायक रुद्रनील घोष ने बेलगछिया भागाड़ क्षेत्र का दौरा कर चल रहे सफाई अभियान का निरीक्षण किया
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए केएमडीए ने नालों और ड्रेनेज व्यवस्था के सुधार कार्य में तेजी ला दी है। इसी क्रम में नगर विकास राज्य मंत्री एवं उत्तर हावड़ा के विधायक उमेश राय ने शनिवार को बेलगछिया भागाड़ क्षेत्र का दौरा कर चल रहे सफाई अभियान का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंत्री उमेश राय ने कहा कि पिछले 15 वर्षों से रानी झील सहित कई प्रमुख नाले प्लास्टिक और अन्य कचरे से पूरी तरह जाम हो चुके हैं। इसके अलावा नालों के किनारे बने अवैध गुमटी और दुकानों के कारण जेसीबी मशीनों से सफाई कार्य करने में भी बाधा उत्पन्न हो रही है। उन्होंने बताया कि यदि मशीनों का उपयोग नहीं किया गया तो मैन्युअल तरीके से सफाई पूरी करने में दो से तीन महीने का समय लग सकता है।

रास्ते और नालों में कचरा फेंकने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

मंत्री ने कहा कि बाली क्षेत्र के 7, 8, 9 और 50 नंबर वार्डों में जलभराव की प्रमुख वजह नालों का जाम होना है। लाखों लोगों को इस समस्या से राहत दिलाने के लिए अवैध कब्जाधारियों को दो दिनों के भीतर स्वयं अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई है। इसके बाद माइकिंग के जरिए लोगों को आगाह किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर निगम प्रशासन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाएगा। उमेश राय ने यह भी चेतावनी दी कि सड़क और नालों में कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। तीन बार नोटिस दी जाने के बाद संबंधित घरों का बिजली और पानी का कनेक्शन तक काटा जा सकता है। उन्होंने बताया कि सिंचाई विभाग के साथ समन्वय बनाकर मानसून से पहले सफाई और मरम्मत कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। फिलहाल चार प्रमुख खालों की सफाई का काम शुरू कर दिया गया है। इस अवसर पर शिवपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रुद्रनील घोष भी उपस्थित थे।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in