हावड़ा के विकास के लिए मिलकर काम करेंगे रेलवे और नगर निगम

हावड़ा स्टेशन, फेरी घाट और फोरशोर रोड के आधुनिकीकरण पर बनी साझा रणनीति
Howrah Development: Railway and Municipality Join Hands
फाइल फोटो
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

हावड़ा : हावड़ा शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और जलजमाव जैसी बड़ी समस्याओं से मुक्ति दिलाने के लिए हावड़ा नगर निगम और रेलवे प्रशासन ने एक साथ मिलकर काम करने का ऐतिहासिक फैसला किया है। हावड़ा शहर का एक बड़ा हिस्सा रेलवे की जमीन के अंतर्गत आता है, इसलिए शहर के समग्र विकास के लिए दोनों विभागों के बीच हाल ही में एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। इस बैठक में सड़कों को चौड़ा करने, ड्रेनेज सिस्टम को सुधारने और फ्लाईओवर के नवीनीकरण को लेकर कई महत्वपूर्ण योजनाओं को मंजूरी दी गई।

जल निकासी और आंडपास की मरम्मत पहली प्राथमिकता

साझा योजना के तहत भारी बारिश के दौरान रेलवे अंडरपास में होने वाले जलजमाव की समस्या से निपटने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मुख्य रूप से गरफा और बेलूड़ स्टेशन के अंडरपास में जल निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए दोनों विभाग मिलकर काम करेंगे। इसके अलावा, लिलुआ के रानीझील का जीर्णोद्धार भी संयुक्त रूप से किया जाएगा, जिससे इलाके की जल निकासी व्यवस्था में बड़ा सुधार होगा। हावड़ा स्टेशन परिसर और हावड़ा फेरी घाट के सुन्दरीकरण तथा विकास के लिए भी दोनों प्राधिकरण मिलकर रणनीति तैयार कर रहे हैं।

फोरशोर रोड को चौड़ा करने और ब्रिजों के जीर्णोद्धार पर सहमति

इस महत्वपूर्ण पहल के बारे में जानकारी देते हुए राज्य के शहरी विकास और नगर मामलों के राज्य मंत्री उमेश राय ने कहा, "हावड़ा के फोरशोर रोड को चौड़ा करने के लिए नगर निगम और रेलवे संयुक्त रूप से काम करेंगे। जमीन के मालिकाना हक का आकलन करने के बाद काम शुरू होगा।" उन्होंने बताया कि फोरशोर रोड का एक हिस्सा रेलवे ने निगम को लीज पर दिया था, जिसकी अवधि समाप्त हो चुकी है। अब आगे मिलकर काम करने की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। इसके साथ ही बंकिम सेतु, चांदमारी ब्रिज और बामनगाछी ब्रिज के मरम्मत कार्य में भी हावड़ा नगर निगम रेलवे को पूरा सहयोग प्रदान करेगा।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in