हिमाचल में बादल फटने, लैंडस्लाइड से बड़ी तबाही, अब तक 21 लोगों की हुई मौत

हिमाचल में बादल फटने से तबाही
हिमाचल में बादल फटने से तबाही
Published on

हिमाचल प्रदेश में फिर कुदरत कहर बरपा रहा है। शिमला में लैंडस्लाइड के बाद आई तबाही से 9 लोगों की मौत हो गई। मलबे में बड़ी संख्या में लोग दब गए।

Himachal Pradesh Weather: हिमाचल प्रदेश में इन दिनों बारिश और लैंडस्लाइड लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। शिमला में सोमवार (14 अगस्त) की सुबह समरहिल के शिव मंदिर में भारी लैंडस्लाइड की चपेट में लोग आ गए। मंदिर में पूजा करने आए करीब 20 लोग मलबे में दब गए। मौके पर प्रशासन की टीम मौजूद है। अब तक मौके से 9 शव निकाले जा चुके हैं। बहुत ज्यादा मलबा होने की वजह से रेस्क्यू टीम को दिक्कत हो रही है।

सोलन में बारिश ने ली जान

बीते 24 घंटों में हिमाचल प्रदेश में तेज बारिश, लैंडस्लाइड और बादल फटने की वजह से 21 लोगों की मौत हो गई। वहीं, सोलन के कंडाघाट उपमंडल के गांव जडोंन में बादल फटने की वजह तबाही मच गई। इसकी वजह से दो घरों को नुकसान हुआ। इसमें 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जिनमें 4 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं।

मौके पर पहुंचे मुख्यमंत्री सुक्खू

शिव मंदिर में हुए हादसे के बाद सीएम सुक्खू ने मौके पर जायजा लिया और घायलों को हर संभव मदद का भरोसा दिया। सीएम ने ट्वीट कर लिखा कि प्रलय रूपी बारिश के कारण शिमला में समरहिल के समीप शिव मंदिर के पास भूस्खलन हुआ है। हादसे में कई लोग दबे हैं। कुछ लोगों की दुःखद मृत्यु हुई है। मैं खुद घटनास्थल पर मौजूद हूं। युद्ध स्तर पर बचाव का काम जारी है। मलबे में दबे लोगों को हर संभव बचाने का प्रयास जारी है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अगले दो दिनों तक लोग घरों से न निकलें। वहीं, पर्यटकों से अभी मौसम ठीक होने तक हिमाचल न आने को कहा।

शिमला के फागली में भी हुआ लैंड स्लाइड

शिमला के फागली में भी लैंड स्लाइड की ख़बरें आई। मौके से अब तक 4 शव निकाले गए और 6 घायल लोगों को IGMC अस्पताल पहुंचाया गया। अभी भी 6 से ज्यादा लोगों के मलबे मे दबे होने की आशंका है।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

राज्य में खराब मौसम को देखते हुए कई हाईवे भी बंद कर दिए गए है। लैंडस्लाइड और तेज बारिश की वजह से कुल्लू से जोड़ने वाला हाईवे पूरी तरह से बंद हो गया। वहीं, मौसम विभाग ने हिमाचल के कई जिलों के लिए अगले 2 दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें शिमला, कांगड़ा, चंबा, कुल्लू, मंडी, लाहौल स्पीति और किन्नौर शामिल है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in