कुरियर के जरिए सोना तस्करी का आरोप,खड़दह से उत्तर प्रदेश के दो युवक गिरफ्तार

106 ग्राम से अधिक सोना और हथियार बरामद
Gold Smuggling via Courier Exposed in Khardah, 2 Arrested with Arms
सांकेतिक फोटो
Published on: 

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

खड़दह : कुरियर के जरिए सोने की कथित तस्करी के मामले में डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) ने खड़दह से उत्तर प्रदेश के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक कुमार यादव और सत्येंद्र वर्मा के रूप में हुई है। जांच एजेंसी के अनुसार, दोनों खड़दह नगरपालिका के वार्ड नंबर 4 स्थित रामकृष्ण पल्ली में किराये के मकान में रह रहे थे।

मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपियों के ठिकाने से 106.47 ग्राम सोना, सोना गलाने की मशीन, 1.20 लाख अमेरिकी डॉलर, एक लैपटॉप और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। तलाशी के दौरान एक पिस्तौल, दो मैगजीन और छह गोलियां भी मिलने की बात सामने आई है। बरामद सामान को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। एजेंसी मामले में आरोपियों से पूछताछ कर कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

कई राज्यों तक नेटवर्क फैले होने का संदेह

माना जा रहा है कि बांग्लादेश सीमा से सटे पश्चिम बंगाल और असम के विभिन्न इलाकों के रास्ते कथित तौर पर तस्करी कर लाया गया सोना पहले गलाया जाता था। इसके बाद उसे कुरियर के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों में भेजे जाने का आरोप है। डीआरआई को संदेह है कि इस नेटवर्क का संपर्क मुंबई समेत कई राज्यों तक फैला हुआ है।

केंद्रीय जांच एजेंसी के अनुसार, देशभर में चलाए जा रहे अभियान के दौरान अब तक करीब 318 किलोग्राम सोना और बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की गई है। जांच के दौरान अभिषेक कुमार यादव का नाम सामने आने के बाद बरानगर के डनलप के महामिलन मठ इलाके से उसे गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर खड़दह स्थित किराये के मकान में तलाशी लेकर सत्येंद्र वर्मा को गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in