Girlfriend said 'break up', student hanged himself!
सांकेतिक फोटो REP

प्रेमिका ने कहा 'ब्रेकअप', छात्र ने लगा ली फांसी !

सोशल मीडिया पर भावुक स्टेटस लिख दुनिया को कहा अलविदा, दक्षिण हबरा हाई स्कूल के छात्र की मौत से मातम
Published on

निधि, सन्मार्ग संवाददाता

बारासात : बारासात दक्षिण हबरा इलाके में गुरुवार रात एक किशोर के आत्मघाती कदम ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। महज 17 साल की उम्र में प्यार में मिली नाकामी को एक छात्र सहन नहीं कर सका और उसने मौत को गले लगा लिया। मृतक की पहचान जीत दास के रूप में हुई है, जो दक्षिण हबरा हाई स्कूल में 11वीं कक्षा का छात्र था।

कैफे में हुई थी आखिरी मुलाकात

सूत्रों के अनुसार, जीत पिछले डेढ़ साल से इलाके की ही एक किशोरी के साथ प्रेम संबंध में था। गुरुवार को उसकी परीक्षा थी। परीक्षा खत्म होने के बाद जीत अपने दोस्तों के साथ वाणीपुर आमबागान इलाके के एक कैफे में अपनी प्रेमिका से मिलने गया था। बताया जा रहा है कि वहीं दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और प्रेमिका ने रिश्ता खत्म करने का फैसला सुना दिया।

इमोशनल स्टेटस के बाद खौफनाक कदम

प्रेमिका की 'ना' जीत के लिए वज्रपात साबित हुई। वह घर लौटा और अकेलेपन में सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक स्टेटस डाला। उस समय घर पर कोई नहीं था, उसकी माँ काम पर गई थीं। स्टेटस देखने के बाद जब उसका एक दोस्त घबराकर घर पहुँचा और खिड़की से झाँका, तो जीत पंखे से लटका हुआ मिला। उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जीत के पिता का साया पहले ही उसके सिर से उठ चुका था। माँ मेहनत-मजदूरी कर उसे पढ़ा रही थीं, लेकिन बेटे के इस फैसले ने उन्हें तोड़कर रख दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in