

नागपुर : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रसोई गैस और ईंधन की बढ़ती कीमतों को लेकर विपक्ष की आलोचनाओं का जवाब देते हुए कहा है कि वैश्विक स्तर पर युद्ध जैसी स्थिति के कारण पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कीमतों पर असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हालात को प्रभावी ढंग से संभाला है और कीमतों को नियंत्रित रखने के लिए लगातार प्रयास किए हैं।
फडणवीस ने कहा कि ईरान-अमेरिका संघर्ष और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर पूरी दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ा है। ऐसे में कई देशों में ईंधन और गैस की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है, जबकि भारत में स्थिति को बेहतर तरीके से संभाला गया है।
मुख्यमंत्री का यह बयान उस समय आया है जब विपक्ष लगातार महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साध रहा है। इससे पहले एनसीपी (शरद पवार गुट) के प्रमुख शरद पवार ने कहा था कि बार-बार कीमतें बढ़ने से आम जनता पर बोझ बढ़ रहा है और सरकार को इसकी राजनीतिक कीमत चुकानी पड़ सकती है।
फडणवीस ने कहा कि जब तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्ध और अस्थिरता का माहौल बना रहेगा, तब तक इसका कुछ न कुछ प्रभाव देखने को मिलेगा। हालांकि उन्होंने भरोसा जताया कि मांग और आपूर्ति की स्थिति सामान्य होने पर कीमतों में भी कमी आएगी।
गौरतलब है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में हाल ही में 29 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इससे पहले मार्च में भी सिलेंडर के दाम 60 रुपये बढ़ाए गए थे। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक ऊर्जा बाजार में उतार-चढ़ाव को इसकी प्रमुख वजह माना जा रहा है।