

कोलकाता : सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बृहस्पतिवार को 820 किलोमीटर लंबे वाराणसी-कोलकाता एक्सप्रेसवे और 570 किलोमीटर लंबे गोरखपुर-सिलीगुड़ी राजमार्ग सहित पश्चिम बंगाल में सात नए उच्च गति वाले राजमार्ग गलियारों की घोषणा की। यह घोषणा सड़क बुनियादी ढांचे के विस्तार की एक बड़ी योजना के तहत की गई है। गडकरी ने पूर्व मेदिनीपुर जिले के कोलाघाट में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इन नए राजमार्गों से क्षेत्र के औद्योगिक, व्यापारिक और पर्यटन केंद्रों तक पहुंच आसान होगी। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के भीतर और पड़ोसी राज्यों के साथ संपर्क बेहतर बनाने के लिए सात ग्रीनफील्ड राजमार्ग गलियारों की योजना बनाई जा रही है।
ये हैं परियाेजनाएं : गडकरी ने बताया कि इन प्रमुख परियोजनाओं में 231 किलोमीटर लंबा चार लेन का खड़गपुर-मोरग्राम ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे भी शामिल है। इस परियोजना पर करीब 10,000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि इसका काम शुरू हो चुका है और अक्टूबर 2029 तक इसके पूरा होने की उम्मीद है। इस एक्सप्रेसवे के बनने से खड़गपुर और मोरग्राम के बीच यात्रा का समय मौजूदा सात घंटे से घटकर करीब ढाई से तीन घंटे रह जाएगा। गडकरी ने 820 किलोमीटर लंबे छह लेन के वाराणसी-कोलकाता ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की भी घोषणा की। इस परियोजना पर 75,000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार हो चुकी है और इसे केंद्रीय मंत्रिमंडल के पास भेज दिया गया है। एक अन्य प्रमुख परियोजना 570 किलोमीटर लंबा छह लेन का गोरखपुर-सिलीगुड़ी ग्रीनफील्ड राजमार्ग है। इस पर करीब 38,000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इसे मंत्रिमंडल की मंजूरी के लिए भेजा गया है और यह राजमार्ग उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड से होते हुए पश्चिम बंगाल पहुंचेगा। उन्होंने बताया कि इसे बागडोगरा हवाई अड्डे से भी जोड़ा जाएगा। गडकरी ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से गोरखपुर और सिलीगुड़ी के बीच यात्रा का समय 14 घंटे से घटकर छह घंटे रह जाएगा। उन्होंने पश्चिम बंगाल में 270 किलोमीटर लंबे रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेसवे की भी घोषणा की। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस परियोजना पर करीब 17,000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और इससे पश्चिम बंगाल, बिहार व झारखंड के बीच सड़क संपर्क बेहतर होगा। एक अन्य प्रमुख परियोजना 400 किलोमीटर लंबा चार लेन का सिलीगुड़ी-गुवाहाटी हाई-स्पीड कॉरिडोर है। इस पर करीब 26,000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
गडकरी ने बताया कि इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार हो चुकी है और चालू वर्ष के दौरान इसका निर्माण कार्य शुरू करने का प्रयास किया जाएगा। इस गलियारे के बनने से सिलीगुड़ी और गुवाहाटी के बीच यात्रा का समय 10 घंटे से घटकर चार घंटे रह जाएगा। उन्होंने 77 किलोमीटर लंबी सिलीगुड़ी-दार्जिलिंग ग्रीनफील्ड सड़क परियोजना की भी घोषणा की। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस पर करीब 6,000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और इस राजमार्ग के बनने से सिलीगुड़ी व दार्जिलिंग के बीच यात्रा का समय तीन घंटे से घटकर एक घंटा रह जाएगा। गडकरी ने 52 किलोमीटर लंबी चार लेन की सिलीगुड़ी-सिक्किम सड़क परियोजना की भी जानकारी दी और इस पर करीब 6,000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।