

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बारासात: उत्तर 24 परगना के हाबड़ा थाना अंतर्गत बीड़ा इलाके में हुए सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी जयंत शिकदार को न्यू जलपाईगुड़ी (NJP) से गिरफ्तार किया है। उसे बारसात अदालत में पेश किया गया, जहाँ से न्यायाधीश ने उसे पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया।
एक महीने पहले रची गई थी साजिश
जांचकर्ताओं के अनुसार, यह हत्या आवेश में आकर नहीं बल्कि सुनियोजित तरीके से की गई थी। आरोपी जयंत ने करीब एक महीने पहले ही अपने दोस्त मंगल साधक को रास्ते से हटाने का मन बना लिया था। इसके लिए उसने गुमा बाजार से 250 रुपये में एक धारधार 'दा' भी खरीदा था। वह बस सही मौके की तलाश में था।
शराब की महफिल में खूनी खेल
घटना वाले दिन यानी रविवार की रात, मामले के एक अन्य आरोपी विजय उर्फ मंगल मल्लिक ने मृतक मंगल साधक को उसके घर से बुलाया। तीनों दोस्त पास के ही एक केले के बागान में शराब पीने बैठे। वहां पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हुआ और नशे की हालत में जयंत ने पहले से छिपाकर रखे हथियार से मंगल के गले पर वार कर दिया। गला कटने के कारण मंगल लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुरानी रंजिश बनी मौत की वजह
पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि मृतक मंगल अक्सर जयंत को व्यक्तिगत मामलों को लेकर परेशान करता था। इसे लेकर पहले भी उनके बीच मारपीट हो चुकी थी। वारदात के बाद जयंत एनजेपी में अपनी बहन के घर छिप गया था, जहां से पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी में जुटी है।