पटना जाने वाली ट्रेन में आग, सासाराम स्टेशन पर मचा हड़कंप

शॉर्ट सर्किट की आशंका, खाली कोच जलकर खाक; बड़ा हादसा टला
पटना जाने वाली ट्रेन में आग, सासाराम स्टेशन पर मचा हड़कंप
Published on

बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पटना जाने वाली एक पैसेंजर ट्रेन के कोच में अचानक भीषण आग लग गई।

आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा जनरल कोच धू-धू कर जलने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने कोच से उठते घने धुएं को देखा, जिसके बाद तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी यात्री हताहत नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार, सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर ट्रेन (53212) के एक जनरल कोच में प्लेटफॉर्म नंबर 6 पर आग लगी। घटना ट्रेन के निर्धारित प्रस्थान समय सुबह 6:45 बजे से पहले हुई, इसलिए कोच में कोई यात्री मौजूद नहीं था।

आग लगते ही रेलवे अधिकारियों और स्थानीय फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद जले हुए कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया।

सासाराम आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच जारी है। फिलहाल जले हुए डिब्बे को हटा दिया गया है और ट्रेन लगभग दो घंटे की देरी से पटना के लिए रवाना हुई।

एक दिन पहले भी बड़ा हादसा टला
इससे पहले रविवार को मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के एक कोच में भी आग लग गई थी। हालांकि, समय रहते सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई नुकसान नहीं हुआ।


लगातार हो रही इन घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, दोनों ही मामलों में समय रहते कार्रवाई होने से बड़ी जानहानि टल गई।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in