

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
बशीरहाट : बशीरहाट के बादुड़िया थाना अंतर्गत कुलिया में शनिवार तड़के डकैतों ने एक घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। डकैतों ने गृहस्वामी के गले पर चाकू रखकर और परिवार के अन्य सदस्यों पर बंदूक तानकर जान से मारने की धमकी दी और घर में रखे सोने-चांदी के गहने व नकदी लूटकर चंपत हो गए।
छत के रास्ते घर में घुसे डकैत
पीड़ित गृहस्वामी केष्टपद मंडल ने बताया कि डकैतों का गिरोह छत के रास्ते सीढ़ियों का दरवाजा तोड़कर घर के भीतर दाखिल हुआ। सबसे पहले उन्होंने दूसरी मंजिल पर उनके बेटे और बहू को हथियारों के बल पर काबू में किया और वहां लूटपाट की। इसके बाद अपराधी नीचे की मंजिल पर आए, जहां केष्टपद और उनकी पत्नी सो रहे थे।
पिटाई कर अलमारी से लूटी नकदी
अपराधियों ने केष्टपद मंडल के गले पर चाकू सटा दिया और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की। डकैतों ने अलमारी तोड़कर 60 हजार रुपये नकद और भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। शोर सुनकर जब तक पड़ोसी इकट्ठा होते, डकैत अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। सूचना मिलते ही बादुड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। इलाके में इस घटना के बाद से भारी दहशत का माहौल है।