

निधि, सन्मार्ग संवाददाता
मध्यमग्राम : मध्यमग्राम के दोलतला इलाके में पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए एक साथ 25 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोलतला के पास ‘एश्योर मोटिवेशन’ नामक संस्था के कार्यालय से कथित तौर पर फर्जी कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा था। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर इस गिरोह के काम करने के तरीके और इससे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। गुप्त सूचना के आधार पर दोपहर करीब 12 बजे मध्यमग्राम थाना और बारासात साइबर पुलिस स्टेशन की संयुक्त टीम ने कार्यालय में छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से 19 मोबाइल फोन, 100 से अधिक सिम कार्ड, कई दस्तावेज और करीब 30 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। कार्रवाई के बाद 25 लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया और पूछताछ के लिए बारासात थाने ले जाया गया।
विदेशी नागरिकों को निशाना बनाने वाले गिरोह पर पुलिस की नजर
पुलिस को आशंका है कि यह गिरोह भी फर्जी तकनीकी सहायता के नाम पर लोगों को ठगने वाले नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। ऐसे मामलों में साइबर अपराधी खुद को नामी सॉफ्टवेयर या तकनीकी कंपनियों का प्रतिनिधि बताकर विदेशों में रहने वाले लोगों से संपर्क करते हैं। कंप्यूटर में वायरस या अकाउंट हैक होने का डर दिखाकर उनसे पैसे ऐंठने की कोशिश की जाती है। मध्यमग्राम में हुई कार्रवाई के बाद पुलिस बरामद मोबाइल, सिम कार्ड और दस्तावेजों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने किन लोगों से संपर्क किया था और अब तक कितने लोगों को इस कथित धोखाधड़ी का शिकार बनाया गया।