देशमुख पर चव्हाण की टिप्पणी को लेकर फडणवीस की सफाई

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख का सम्मान करती है, क्योंकि उन्होंने राज्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
देशमुख पर चव्हाण की टिप्पणी को लेकर फडणवीस की सफाई
Published on: 

छत्रपति संभाजीनगर (महाराष्ट्र) : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख का सम्मान करती है, क्योंकि उन्होंने राज्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनका यह बयान प्रदेश भाजपा प्रमुख रवींद्र चव्हाण की हालिया टिप्पणी को लेकर उपजे विवाद के मद्देनजर आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि विलासराव देशमुख की निशानियां उनके गृह नगर लातूर में ‘‘मिटा दी जाएंगी।’’

चव्हाण ने सोमवार को ये टिप्पणियां की थीं। इस पर कांग्रेस द्वारा तीखी प्रतिक्रियाएं व्यक्त किये जाने और पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे एवं बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख की भावुक प्रतिक्रिया के बाद, चव्हाण ने मंगलवार को माफी मांग ली।

पंद्रह जनवरी को होने वाले महानगरपालिका चुनावों से पहले लातूर में विजय संकल्प सभा ​​की रैली को संबोधित करते हुए फडणवीस ने कहा, ‘‘लातूर ने महाराष्ट्र को कई बड़े नेता दिए हैं, जिनमें (पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री) शिवराज पाटिल चाकूरकर और (पूर्व मुख्यमंत्री) शिवाजीराव पाटिल नीलांगेकर शामिल हैं। चाकूरकर ने लातूर के नगर परिषद प्रमुख के रूप में सेवा दी। वह लोकसभा अध्यक्ष भी बने।’’

विलासराव देशमुख का सम्मान करते हैं

फडणवीस ने कहा कि लातूर को नयी पहचान देने वाले पूर्व मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख, एक ऐसा नाम है जिसका सम्मान दलगत भावना से ऊपर उठकर किया जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नेताओं में उनका नाम प्रमुख है। देशमुख पर चव्हाण की टिप्पणी को लेकर उपजे विवाद पर फडणवीस ने कहा, ‘‘दो दिन पहले यहां भ्रम और अव्यवस्था का माहौल था। हमारे (भाजपा के) प्रदेश अध्यक्ष (चव्हाण) यहां आए थे। वह कहना चाहते थे कि राजनीतिक रूप से हम यहां एक नया रिकॉर्ड बनाना चाहते हैं। लेकिन शायद उन्होंने गलत शब्दों का इस्तेमाल किया और बाद में माफी मांग ली।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस पार्टी से हमारा मतभेद है, लेकिन हम विलासराव देशमुख का सम्मान करते हैं क्योंकि वह महाराष्ट्र के एक महत्वपूर्ण नेता हैं। हमें अपने दिवंगत नेता गोपीनाथ मुंडे को भी याद रखना चाहिए, जिनका जन्म यहां नहीं हुआ था, लेकिन उन्होंने लातूर के लिए काम किया।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि लातूर की रेल कोच फैक्ट्री जल्द ही चालू हो जाएगी और यहां वंदे भारत ट्रेन के डिब्बों का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे 10,000 लोगों को रोजगार मिलेगा।

उन्होंने लातूर से मुंबई तक एक नये एक्सप्रेसवे की भी घोषणा की, जिससे क्षेत्र के औद्योगिक विकास में मदद मिलेगी। भाजपा लातूर महानगरपालिका की सभी 70 सीटों पर गठबंधन के बिना चुनाव लड़ रही है। विपक्षी कांग्रेस भी सभी सीटों पर चुनाव लड़ रही है।

देशमुख पर चव्हाण की टिप्पणी को लेकर फडणवीस की सफाई
अपने अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा पर भेजेगा इसरो
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in