बीजापुर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 12 नक्सली ढेर

सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई
बीजापुर में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 12 नक्सली ढेर
Published on: 

नई दिल्ली -  छत्तीसगढ़ के बीजापुर और नारायणपुर से सटी महाराष्ट्र सीमा पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है, जिसमें अब तक 12 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना मिली है। बताया जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। मुठभेड़ स्थल से ऑटोमैटिक हथियार भी बरामद किए गए हैं। सुरक्षाबल राज्य में लगातार नक्सल विरोधी अभियान चला रहे हैं। बीजापुर के फरसेगढ़ थाना अंतर्गत नेशनल पार्क क्षेत्र में महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की सीमा पर सुबह से ही मुठभेड़ जारी है। इस दौरान दो जवान भी घायल हुए हैं।

डीआरजी बीजापुर, एसटीएफ और सी-60 के जवानों के साथ सुबह 8 बजे से मुठभेड़ जारी रहने की पुष्टि हुई है। इस कार्रवाई में अब तक लगभग 12 नक्सलियों के मारे जाने की सूचना मिली है।

संयुक्त सुरक्षा बल को किया गया था रवाना

नेशनल पार्क क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर संयुक्त सुरक्षा बलों को रवाना किया गया था। वहां जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ अब भी जारी है। एएसपी चंद्रकांत गवर्ना ने पुष्टि की है कि सुबह से ही गोलीबारी हो रही है। कई नक्सलियों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि उनकी सही संख्या अभी स्पष्ट नहीं है। मुठभेड़ स्थल पर नक्सलियों के शव देखे गए हैं। इस संबंध में अधिक जानकारी सुरक्षाबलों के लौटने के बाद ही उपलब्ध हो सकेगी। फिलहाल, क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in